फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को देखकर भागा युवक, लोहे के पोल से टकराकर मौत; भिंड में बाइक के लिए करवाया था लोन

अरविंद के जानने वालों से बातचीत के दौरान पता चला कि उसने फाइनेंस पर एक बाइक ली थी. शायद बाइक के लोन की किस्त नहीं चुकाया था. जिसके कारण फाइनेंस कंपनी वाले आए थे.
Representative image.

सांकेतिक तस्वीर.

MP News: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में फाइनेंस कंपनी के कर्मचारियों को देखकर भाग रहे एक युवक की लोहे के पोल से टकराकर मौत हो गई. जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए. घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. बताया जा रहा है कि युवक ने फाइनेंस पर बाइक ली थी, जिसको लेकर फाइनेंस कंपनी वाले आए थे.

शादी समारोह में शामिल होने गया था युवक

हादसा मेहगांव थाना क्षेत्र के सोनी रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ है. जानकारी के मुताबिक सिलौली का रहने वाला अरविंद सिंह(29) सोनी गांव में शादी में शामिल होने के लिए अपने दोस्तों के साथ गया हुआ था. तभी फाइनेंस कंपनी वालों को देखकर अरविंद घबरा गया. जब फाइनेंस कर्मचारी पूछताछ करने लगे तो बाइक सवार अरविंद अपने दोस्तों के साथ भागने लगा. बताया जा रहा है कि बाइक पर 4 लोग सवार थे.

फाइनेंस कर्माचरी लगातार पीछी कर रहे थे. जिससे डरकर अरविंद ने बाइक की रफ्तार बढ़ा ली. इस दौरान मेहगांव थाना क्षेत्र के सोनी रेलवे क्रॉसिंग के पास एक लोहे के पोल से टकरा गया. जिसमें अरविंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य दोस्त घायल हो गए.

फाइनेंस पर ली थी बाइक

अरविंद के जानने वालों से बातचीत के दौरान पता चला कि उसने फाइनेंस पर एक बाइक ली थी. शायद बाइक के लोन की किस्त नहीं चुकाया था. जिसके कारण फाइनेंस कंपनी वाले आए थे. लेकिन उन्हें देखकर अरविंद डर गया और तेजी से बाइक भगाने लगा. बाइक पर 4 लोग सवार थे. सभी घायलों को मेहगांव अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

पुलिस बोली- आरोपों की जांच की जा रही है

वहीं पूरे मामले पर मेहगांव थाना पुलिस का कहना है कि सिलौली का रहने वाले युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई है. फाइनेंस कर्मियों के पीछा करने के आरोपों की जांच की जा रही है. अगर जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं: MP में नर्सिंग कॉलेज की मान्यता के फर्जीवाड़े का मामला, सिर्फ पात्र कॉलेजों के स्टूडेंट्स देंगे एग्जाम; HC ने सुनाया आदेश

ज़रूर पढ़ें