भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम का श्रीलंका में डंका, 3-0 से जीती इंटरनेशनल T-20 सीरीज; मुरैना के मनोज धाकड़ बने जीत के हीरो

मनोज धाकड़ अब मुरैना जिले के पहले अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियन बन गए हैं. भारतीय टीम के 29 मई को भारत लौटने पर मुरैना में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं.
Indian wheelchair cricket team defeated Sri Lanka to win the T20 series.

भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर टी-20 सीरीज जीती.

Input- मनोज शर्मा

MP News: कोलंबो के मैदान पर भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए श्रीलंका को तीनों मुकाबलों में हराकर भारत बनाम श्रीलंका 2026 अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट T-20 चैंपियनशिप 3-0 से अपने नाम कर ली. भारतीय टीम ने कप्तान कबीर भदौरिया के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरी सीरीज में मेजबान टीम को कोई मौका नहीं दिया.

मुरैना के मनोज ने किया ‘धाकड़’ प्रदर्शन

26 मई से 28 मई तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में भारत की ओर से अलग-अलग राज्यों के खिलाड़ियों का चयन किया गया था, जिसमें मध्य प्रदेश के तीन खिलाड़ियों ने भी जगह बनाई. इस ऐतिहासिक जीत में मुरैना जिले की कैलारस तहसील के ग्राम खेरा मानगढ़ निवासी मनोज धाकड़ पुत्र उम्मेद सिंह धाकड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

मनोज धाकड़ की कहानी संघर्ष और हौसले की मिसाल है. वर्ष 2021 में एक भीषण सड़क हादसे में उन्होंने अपने दोनों पैर गंवा दिए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने व्हीलचेयर क्रिकेट को अपना जुनून बनाया और आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर दिया.

भारतीय टीम का ऑलराउंड प्रदर्शन

टूर्नामेंट का आयोजन Lion Wheelchair Cricket Association India द्वारा किया गया था. भारतीय खिलाड़ियों ने तीनों T-20 मुकाबलों में शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग का प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को पूरी तरह दबाव में रखा. सीरीज जीतने के बाद मनोज धाकड़ ने कहा, ‘कप्तान कबीर भदौरिया भाई के नेतृत्व में पूरी टीम ने एकजुट होकर खेला. LWCA India का धन्यवाद, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया. 2021 के हादसे के बाद मैंने सपना देखा था कि एक दिन देश के लिए खेलूंगा. आज 3-0 से सीरीज जीतकर वो सपना पूरा हुआ. यह जीत मेरे गांव खेरा मानगढ़, जिले मुरैना और देश के हर दिव्यांग भाई के नाम है, जिसने कभी हार नहीं मानी.’

मनोज धाकड़ अब मुरैना जिले के पहले अंतरराष्ट्रीय व्हीलचेयर क्रिकेट चैंपियन बन गए हैं. भारतीय टीम के 29 मई को भारत लौटने पर मुरैना में उनके भव्य स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं.

ये भी पढे़ं: MP के पुलिसकर्मियों को बड़ी राहत! पैरालिसिस-हार्ट अटैक जैसी बीमारियों के लिए मिलेगी 14 लाख रुपये की मदद

ज़रूर पढ़ें