MP News: ACS से शिकायत के बाद 2 ठेकेदार घटिया निर्माण करने पर ब्लैक लिस्ट, दो कंपनियों को नोटिस
प्रतीकात्मक तस्वीर
MP News: इंदौर जिले में चटवाड़ा से हरनासा सड़क मार्ग में घटिया निर्माण मिलने पर सड़क निर्माता मेसर्स आनंद इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को ब्लैक लिस्ट (काली सूची) में दर्ज करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है. वहीं सागर जिले के बीलाग्राम स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रयोगशालाओं एवं अतिरिक्त कक्षों के घटिया निर्माण पर ठेकेदार मेसर्स रविंद्र सिंह ठाकुर को ब्लैक लिस्ट कर संबंधित कार्यपालन यंत्री एवं अनुविभागीय अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किये गए है.
सागर जिले में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के रेहली-गौरझामर मार्ग का गुणवत्ताहीन निर्माण मिलने पर ठेकेदार मेसर्स बंसल पाथवेज प्रा. लि. एवं कंसल्टेंट योगमा इंजीनियर प्रा. लि. को नोटिस जारी किया गया है.
7 जिलों में 35 कार्यों के औचक निरीक्षण में खामियां
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग और मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कारपोरेशन के अधिकारियों के हर महीने सात जिलों में 35 कार्यो का औचक निरीक्षण किया जा रहा है. इस महीने किए गए निरीक्षण में भी गुणवत्ताहीन निर्माण मिलने पर यह कार्रवाई की गई है. मुख्य अभियंताओं के सात दलों द्वारा हाल ही में भोपाल, डिंडौरी, अशोकनगर, इंदौर, शहडोल, नीमच एवं सागर जिलों में रेंडम आधार पर सात जिलों के 35 निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया.
ये भी पढ़ें: MP विधानसभा के बजट सत्र की तैयारियां तेज, 2253 सवाल ऑनलाइन पूछे गए, दूषित पानी समेत कई मुद्दे उठाएगा विपक्ष
जिनमें 21 कार्य लोक निर्माण विभाग (सड़क / पुल), 6 कार्य पीआईयू (भवन), 6 कार्य मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम, एक कार्य मध्य प्रदेश भवन विकास निगम और एक कार्य राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित था.