बड़वानी अस्पताल में गंभीर लापरवाही! PM रूम में शव पर रेंगती मिली चीटियां, डॉक्टर के इंतजार में 10 घंटे जमीन पर पड़ी रही बॉडी
परिजनों ने पीएम रूम के बाहर किया हंगामा
रिपोर्ट – सचिन राठौर
MP News: बड़वानी जिला अस्पताल से एक बड़ी हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है. अस्पताल के पीएम रूम में एक महिला के शव पर रविवार रात से सोमवार सुबह तक चीटियां रेंगती रहीं. पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टर के 10 घंटे से अधिक समय तक नहीं पहुंचने पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा किया. इस घटना ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
यह घटना रविवार शाम की है. नवलपुरा निवासी 58 वर्षीय राधाबाई को एक दुर्घटना के बाद शाम करीब 6 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. भर्ती होने के आधे घंटे बाद, शाम 6:30 बजे उनकी मृत्यु हो गई. नियमानुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम रूम में रखवा दिया गया था.
अस्पताल स्टाफ पर परिजनों ने लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि शव को पीएम रूम में रखने के बाद अस्पताल स्टाफ ने उसकी कोई सुध नहीं ली. सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक जब पोस्टमार्टम के लिए कोई डॉक्टर नहीं पहुंचा, तो परिजन पीएम रूम पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि शव के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों पर चीटियां चल रही थीं.
मृतका के बेटे राहुल ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा, “हमने कल शाम 6 बजे भर्ती कराया था और 6:30 बजे मां की मौत हो गई. इसके बाद शव को पीएम रूम में रख दिया गया. सुबह से डॉक्टर को फोन कर रहे हैं, आरएमओ साहब और डॉ. बादल खरते आने की बात कह रहे हैं, लेकिन एक घंटे से अधिक समय बीत जाने पर भी कोई नहीं आया. शव पर चीटियां चल रही हैं. यह जिला अस्पताल की स्थिति है.”
हंगामे के बाद मौके पर पहुंचे विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनड़े
हंगामे की सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि विष्णु बनड़े भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा, शव कल शाम से यहां रखा था. जब हमने चादर हटाई तो पूरे शरीर पर चीटियां थीं.
अस्पताल में फ्रीजर उपलब्ध होने के बावजूद शव को जमीन पर रखा गया. आधे घंटे से अधिक समय हो गया, लेकिन मैनेजर या स्वास्थ्य विभाग का कोई अधिकारी बात करने नहीं आया. यह गंभीर लापरवाही है. हंगामे के बाद मौके पर पहुंची डॉक्टरों की टीम ने परिजनों को समझाइश दी और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया. इसके बाद पोस्ट मॉडम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया.
डॉक्टर ने कहा दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी
इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. मनोज खन्ना से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सोमवार को टीएल की बैठक है. उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है. यदि ऐसी घटना हुई है तो इसकी जांच कराई जाएगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी. फिलहाल इस घटना के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं. सवाल ये भी है कि जब पीएम रूम में फ्रीजर की सुविधा है तो शव को खुले में क्यों रखा गया और 10 घंटे तक डॉक्टर क्यों नहीं पहुंचे.
ये भी पढे़ं- Barwani News: बड़वानी के पाटी एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्रा ने लगाई फांसी, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया