इंदौर में भाजपा युवा मोर्चा की ग्रीन ड्राइव साइक्लोथॉन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
MP News: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा ग्रीन ड्राइव साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया.
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर इंदौर पहुंचे. उन्होंने राजबाड़ा स्थित लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित हजारों युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
बड़ी संख्याओं में युवाओं ने स्वच्छता का संदेश दिया
इसके बाद राजबाड़ा से गांधी हॉल तक साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और ईंधन बचत के प्रति लोगों को जागरूक करना था. बड़ी संख्या में युवा साइकिलों के साथ इस अभियान में शामिल हुए और हरित एवं स्वच्छ वातावरण का संदेश दिया.
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि इंदौर ने हमेशा स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश को नई दिशा और नेतृत्व प्रदान किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर युवाओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
‘संगठन में बची हुई नियुक्तियां जल्द पूरी की जाएंगी’
संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर पूछे गए सवाल पर श्याम टेलर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में नियुक्तियों की एक निर्धारित प्रक्रिया होती है और संगठन अपनी कार्यपद्धति के अनुसार कार्यकर्ताओं का चयन करता है. उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही शेष दायित्वों पर भी नियुक्तियां पूरी कर ली जाएंगी.
उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण” के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.
ये भी पढे़ं: नवविवाहित जोड़े ने जहर खाकर जान दी, पन्ना में सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल सका