CMO को ही लेना पड़ा CM हेल्पलाइन का सहारा, लखनादौन में दूषित पानी की सप्लाई के लिए शिकायत की
सिवनी में दूषित पानी की सप्लाई के लिए सीएमओ को ही सीएम हेल्प लाइन नंबर पर शिकायत करनी पड़ी.
Input- संजीव क्रिडिया
MP News: सिवनी जिले की लखनादौन नगर परिषद में प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लखनादौन नगर परिषद की तत्कालीन सीएमओ गीता वाल्मीकि को अपने ही क्षेत्र में दूषित पेयजल की शिकायत के लिए CM हेल्पलाइन का सहारा लेना पड़ा.
लंबे समय से हो रही थी दूषित पानी की सप्लाई
मामला लखनादौन नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 4 का है. जहां गीता वाल्मीकि का निवास है. वर्तमान में वे छपारा नगर परिषद में पदस्थ हैं, लेकिन निवास लखनादौन में होने के कारण वहीं रहती हैं. आरोप है कि उनके घर में लंबे समय से नलों के माध्यम से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही थी.
बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले नगर परिषद के संबंधित अधिकारियों को मौखिक रूप से समस्या से अवगत कराया, लेकिन समाधान नहीं होने पर अंततः CM हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई.
स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल
यह मामला कई सवाल खड़े करता है. आम नागरिकों की शिकायतों का निराकरण कराने वाली अधिकारी को यदि अपनी ही मूलभूत समस्या के समाधान के लिए CM हेल्पलाइन का सहारा लेना पड़े, तो इससे स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली और शिकायत निवारण व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है.
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और नगर परिषद इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं तथा वार्ड क्रमांक 4 में दूषित पेयजल की समस्या का समाधान कब तक किया जाता है.
ये भी पढे़ं: मुरैना: कागजों में सड़क बनकर तैयार, मौके पर उड़ रही सिर्फ धूल, 28 लाख डकार गए अफसर-ठेकेदार!