MPCA अवॉर्ड सेरेमनी में मालामाल हुए खिलाड़ी, क्रिकेटरों पर बरसी करोड़ों की रकम

MP News: इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में बुधवार को मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ.
MPCA Awards Ceremony

MPCA पुरस्कार समारोह

MP News: इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में बुधवार को मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ. इसमें प्रदेश के पुरुष और महिला क्रिकेटरों को शानदार प्रदर्शन के लिए 2.94 करोड़ रुपए से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की गई. समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और आईसीसी मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ तथा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद रहे.

हर साल बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान

एमपीसीए हर साल विभिन्न आयु वर्ग और श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और सिल्वर प्लाक देकर सम्मानित करता है. इस बार गत सत्र में शानदार प्रदर्शन करने वाले वरिष्ठ क्रिकेटरों, कोच और जूनियर खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. कूच बिहार ट्रॉफी में मध्य प्रदेश की टीम विजेता रही, जबकि महिला सीनियर टीम उपविजेता रही. बीसीसीआई की ओर से भी प्रदेश को करीब 50 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिली थी.

प्रशांत मेहता और आनंद पटेल को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड

सबसे बड़े व्यक्तिगत पुरस्कारों में माधवराव सिंधिया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रशांत मेहता और सी.टी. सरवटे लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड आनंद पटेल को प्रदान किया गया. दोनों खिलाड़ियों को 5-5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि के साथ सिल्वर प्लाक देकर सम्मानित किया गया.

सिंधिया ने कहा- क्रिकेट स्प्रिंट नहीं, मैराथन है

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीख का जिक्र करते हुए खिलाड़ियों से नियमित रूप से फीडबैक लेने और अपनी कमियों में सुधार करने की बात कही. उन्होंने कहा, ‘क्रिकेट कोई स्प्रिंट नहीं, मैराथन है.’ उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत और सुधार के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी.

मजबूत टीम को महाआर्यमन ने दिया उपलब्धियों का श्रेय

महाआर्यमन सिंधिया ने टीम की उपलब्धियों का श्रेय पूरे समूह के सामूहिक प्रयास को देते हुए कहा कि वे खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उनके साथ एक मजबूत टीम खड़ी है. उन्होंने खिलाड़ियों, कोच और सहयोगी स्टाफ के योगदान की सराहना करते हुए प्रदेश क्रिकेट की लगातार बेहतर होती स्थिति पर खुशी जताई.

ये भी पढे़ं- ‘90% लोग मीठा खाना पसंद नहीं करते…’, चीनी के बढ़ते भाव के बीच बोले कैलाश विजयवर्गीय- मैं चाहता हूं शक्कर और महंगी हो

ज़रूर पढ़ें