‘बड़े साहब के सामने पेश करना है…’, इंदौर में फर्जी क्राइम ब्रांच पुलिसकर्मी ने ठेकेदार से की लूट

Indore News: इंदौर में सादे कपड़े पहनकर आए दो बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच में पदस्थ पुलिसकर्मी बताकर एक ठेकेदार से लूट की वारदात को अंजाम दिया.
Fake Crime Branch police officer

फर्जी क्राइम ब्रांच पुलिसकर्मी

Indore News: इंदौर में सादे कपड़े पहनकर आए दो बदमाशों ने खुद को क्राइम ब्रांच में पदस्थ पुलिसकर्मी बताकर एक ठेकेदार से लूट की वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों ने ठेकेदार को फर्जी केस में फंसाने की धमकी देते हुए कहा कि उसे ‘बड़े साहब के सामने पेश करना है.’ मामले में आजाद नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

हुसैनी मस्जिद के सामने हुई वारदात

पूरी घटना आजाद नगर थाना क्षेत्र में स्थित हुसैनी मस्जिद के सामने की बताई जा रही है. इस मामले में इमरान पुत्र अनवर खान ने भैया पठान, शाहरुख पेट्रोल और दो अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. इमरान के मुताबिक, 28 सितंबर की रात करीब 3 बजे स्कॉर्पियो कार से आए चार बदमाशों ने उनके घर का दरवाजा बेहद जोर से खटखटाया. दरवाजा खोलते ही बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें लात मारने लगे.

जबरन घर में घुसे बदमाश

इमरान का कहना है कि दरवाजा खुलते ही आरोपी बलपूर्वक घर के अंदर घुस गए. इसके बाद आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी बताया और घर की तलाशी लेना शुरू कर दिया. दोनों आरोपी सादे कपड़ों में आए थे और उनके पास किसी तरह का पहचान पत्र भी नहीं था. आरोपियों ने इमरान के साथ मारपीट की और जबरन उनके पास से 4 हजार रुपये छीन लिए.

बेटे को देखकर स्कॉर्पियो से भागे आरोपी

इमरान के मुताबिक, घटना के दौरान उनका बेटा फैजान भी मौके पर आ गया. बेटे को सामने आता देख आरोपी घबरा गए और काले रंग की स्कॉर्पियो कार से मौके से फरार हो गए. आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर इमरान को धमकाया था और फर्जी मामले में फंसाने की बात कही थी. साथ ही उन्होंने कहा था कि उन्हें ‘बड़े साहब के सामने पेश करना है.’

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की शिकायत मिलने के बाद आजाद नगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस ने भैया पठान और शाहरुख पेट्रोल समेत दो अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और आपराधिक धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब नामजद आरोपियों के साथ ही अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

ये भी पढे़ं- Khandwa: लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा सब इंजीनियर, 14 हजार रुपये रिश्‍वत लेते रंगे हाथ पकड़ाया

ज़रूर पढ़ें