इंदौर लूटकांड मामले में रिटायर्ड आर्मी मैन निकला मास्टरमाइंड, सांवलिया सेठ में चढ़ाया था लूट का हिस्सा, 25 लाख बरामद
इंदौर लूटकांड: रिटायर्ड आर्मी मैन निकला मास्टरमाइंड
Indore News: इंदौर के पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में 24 मई को हुई 29 लाख 65 हजार रुपए की बड़ी लूट के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. इस वारदात का मास्टरमाइंड एक रिटायर्ड आर्मी मैन निकला, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी. पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बड़ी मात्रा में नकदी व संपत्ति भी बरामद की है.
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी, मिला सुराग
जानकारी के अनुसार, यह लूट स्क्रैप कारोबारी मुकुल अग्रवाल की कलेक्शन एजेंसी के कर्मचारी से की गई थी. घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की, जिसके आधार पर धीरे-धीरे पूरे गिरोह का खुलासा हुआ.
साथियों के साथ वारदात को दिया अंजाम
जांच में सामने आया कि इस वारदात का मुख्य आरोपी चंद्रशेखर मुकाती, जो कि एक रिटायर्ड आर्मी मैन है. अपने साथियों प्रवीण, अमर, फिरोज और कपिल भंडारी के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी. बताया गया कि मुकाती सीधे तौर पर कारोबारी के यहां कार्यरत नहीं था, लेकिन उसे एक अन्य कारोबारी के माध्यम से मुकुल अग्रवाल के व्यवसाय, कलेक्शन सिस्टम और रोजाना होने वाले बड़े नकदी लेनदेन की पूरी जानकारी थी.
महंगे शौक पूरे करना बनी वजह
पुलिस के मुताबिक, आर्थिक तंगी और महंगे शौक पूरे करने की इच्छा ने इस पूरे गिरोह को अपराध की ओर धकेला. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार होकर अलग-अलग राज्यों में छिपते रहे. इस दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र और राजस्थान समेत कई जगहों पर लगातार दबिश दी और आखिरकार सभी आरोपियों को पकड़ लिया.
सांवलिया सेठ में चढ़ाया चढ़ावा
जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई कि लूट के बाद आरोपी राजस्थान स्थित प्रसिद्ध सांवरिया सेठ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने लूटी गई रकम में से 1 लाख 11 हजार रुपए का चढ़ावा चढ़ाया.
पुलिस ने 22.50 लाख रुपये बरामद किए
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अब तक 29 लाख 65 हजार रुपए में से 22 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद कर लिए हैं. साथ ही लूट की रकम से खरीदी गई करीब ढाई लाख रुपए की एक कार भी जब्त की गई है. फिलहाल पुलिस शेष रकम की बरामदगी के प्रयास में जुटी है और मामले के अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है.