20 जून तक गांधीनगर से रेडिसन चौराहे तक दौड़ सकती है मेट्रो, अंतिम चरण में पहुंची तैयारियां, इंदौर में ट्रैफिक होगा कम
इंदौर में 20 जून तक रेडिसन चौराहे तक मेट्रो का संचालन शुरू हो सकता है.
Indore Metro: इंदौर में मेट्रो रेल परियोजना के तहत गांधीनगर से रेडिसन चौराहे तक मेट्रो संचालन की तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं. प्रस्तावित योजना के अनुसार आगामी 20 जून से मेट्रो ट्रेन का संचालन इस रूट पर शुरू होने की संभावना है, जिससे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
हर दिन हो रहा है मेट्रो का ट्रायल
फिलहाल गांधीनगर से रेडिसन चौराहे तक प्रतिदिन मेट्रो का ट्रायल रन किया जा रहा है. अधिकारियों के अनुसार ट्रायल संचालन के दौरान तकनीकी और सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि नियमित संचालन के समय किसी प्रकार की समस्या न आए.
इस रूट के शुरू होने से लवकुश चौराहा से रेडिसन चौराहा तक बढ़ते ट्रैफिक दबाव में कमी आने की उम्मीद है, क्योंकि यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक माना जाता है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं.
सभी मेट्रो स्टेशन का हो रहा है सौंदर्यीकरण
20 जून को प्रस्तावित भव्य शुभारंभ से पहले सभी मेट्रो स्टेशनों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. स्टेशनों की मरम्मत, आवश्यक सुधार कार्य और सौंदर्यीकरण तेजी से किया जा रहा है. साथ ही स्टेशन परिसरों के आसपास भी विकास और सजावट के कार्य पूरे किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिल सके. रेडिसन चौराहा स्थित मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की संभावित अधिक भीड़ को देखते हुए दोनों ओर की सर्विस रोड पर भी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं. इसके अलावा रिंग रोड की सेंट्रल लाइटिंग व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है.
मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारी और नगर निगम के अधिकारी लगातार तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और समय पर संचालन शुरू करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है.