इंदौर की छात्रा का शव खरगोन में नर्मदा नदी से मिला, NEET एग्जाम देने के बाद से लापता थी
इंदौर की नीट छात्रा निक्की यादव का शव खरगोन में नर्मदा नदी से मिला है.
Indore Neet Student: मध्य प्रदेश के इंदौर से लापता छात्रा निक्की यादव का शव खरगोन में नर्मदा नदी से मिला है. NEET एग्जाम देने के बाद छात्रा घर नहीं लौटी थी. प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है. पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा.
आखिरी लोकेशन बड़वाह की मिली
इंदौर के तलावली चांदा की रहने वाली निक्की यादव 21 जून को NEET का एग्जाम देने के लिए महू गई थी. छात्रा परीक्षा केंद्र तक अपने छोटे भाई शिवम के साथ गई थी. एग्जाम खत्म होने के बाद उसने घर पर कॉल करके बताया कि उसका फोन डिस्चार्ज हो गया है. वह किसी दूसरे के मोबाइल से कॉल कर रही है, थोड़ी देर घर पहुंच जाएगी. इसके बाद परिवार से उसका संपर्क नहीं हुआ.
परिजन पहले लसुडिया थाने पहुंचे. इसके बाद भंवरकुआं थाने में छात्रा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. छात्रा के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कराई तो उसकी आखिरी लोकेशन खरगोन जिले के बड़वाह में मिली.
छात्रा का तीसरा NEET प्रयास था
मृतक छात्रा के पिता रामानंद यादव अकाउंटेंट हैं. बेटी निक्की यादव को डॉक्टर बनाना चाहते थे. NEET परीक्षा के लिए निक्की का ये तीसरा प्रयास था. परिवार को भी विश्वास था कि वह एग्जाम पास कर लेगी.
कॉल डिटेल, सोशल मीडिया को खंगाला जा रहा
इस हादसे के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. गहरे सदमे में हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि परीक्षा खत्म होने के बाद निक्की इंदौर से सीधे खरगोन पहुंच गई. पुलिस मृतक छात्रा की कॉल डिटेल खंगाल रही है. इसके साथ ही सोशल मीडिया से जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है.