Indore: गोल्ड-सिल्वर पास लेकर दिलजीत के कॉन्सर्ट में पहुंचे चोर, 6 महंगे मोबाइल किए पार, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Indore Diljit Concert Theft Arrest: इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में मोबाइल चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से 6 महंगे मोबाइल बरामद किए गए हैं. आरोपी गोल्ड और सिल्वर पास लेकर पहुंचे थे.
Diljit Concert Mobile Theft

इंदौर: दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट से मोबाइल चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Diljit Concert Mobile Theft: इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में मोबाइल चोरों ने भीड़ का फायदा उठाकर जमकर हाथ साफ किया लेकिन खजराना पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी दिल्ली और लखनऊ के रहने वाले हैं. गोल्ड और सिल्वर पास के जरिए कॉन्सर्ट में एंट्री करने वाले आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 3 आईफोन और 3 सैमसंग समेत कुल 6 मोबाइल बरामद किए हैं.

पुलिस ने घेराबंदी करके पकड़ा

दरअसल, दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे. इसी भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोर गिरोह के सदस्य चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे. मोबाइल चोरी की सूचना मिलते ही खजराना पुलिस सक्रिय हुई और विशेष टीम को मैदान में उतारा गया. इसी दौरान कार्यक्रम की रात करीब 10 बजे सी-21 एस्टेट ग्राउंड के पास पुलिस को दो संदिग्ध नजर आए. पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया.

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने गोल्ड और सिल्वर पास के जरिए कॉन्सर्ट में एंट्री की थी और भीड़ के बीच लोगों के मोबाइल चोरी कर रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी 52 वर्षीय नाजिम पिता यूनुस खान और लखनऊ निवासी 37 वर्षीय सुरेंद्र पिता छोटेलाल के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक दोनों अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं और गिरोह के मुख्य सरगना बताए जा रहे हैं.

आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 आईफोन और 3 सैमसंग मोबाइल समेत कुल 6 मोबाइल बरामद किए हैं. खजराना पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज किया है. अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और चोरी के मोबाइल के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है. आशंका है कि पूछताछ में गिरोह से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.

गोल्ड-सिल्वर पास लेकर, दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में पहुंचे चोर, 6 महंगे मोबाइल किए पार, इंदौर पुलिस ने किया गिरफ्तार

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें