Khandwa News: मटन कोल्हापुरी के पार्सल में मिला मरा हुआ चूहा, बच्चे की बिगड़ी तबीयत, सैंपल लैब भेजा गया
पार्सल में मिला मरा हुआ चूहा
इनपुट-शेख शकील
Khandwa News: मध्य प्रदेश के खंडवा शहर में एक होटल से खरीदे गए खाने में मरा हुआ चूहा निकलने से हड़कंप मच गया. खानशावली क्षेत्र के एक परिवार ने शुक्रवार रात शहर के कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित होटल बिस्मिल्लाह से मटन कोल्हापुरी मंगवाया था. घर पहुंचकर जब परिवार खाना खाने बैठा तो एक बच्चे की अचानक तबीयत खराब हो गई और उसे उल्टियां शुरू हो गईं . परिजन तुरंत सतर्क हुए और खाने की जांच की. जांच के दौरान मटन कोल्हापुरी के अंदर कथित तौर पर मरे हुए चूहे के अवशेष दिखाई दिए.
चूहे का आधा शरीर गायब था
वहीं परिवार के सदस्यों का आरोप है कि चूहे का आधा शरीर गायब था, लेकिन पूंछ और बाकी शरीर के अन्य हिस्से मटन में साफ नजर आ रहे थे. यह देखकर घर में मौजूद सभी लोग दहशत में आ गए. इधर बच्चे की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने बच्चे का उपचार शुरू किय. फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है और परिवार होटल पर कार्रवाई की मांग कर रहा है.
खाद्य अधिकारी बोले-होगी सख्त कार्रवाई
इस घटना के बाद पीड़ित युवक इरफान खान ने सीएम हेल्पलाइन पर मामले की शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के बाद क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि होटलों और रेस्तरां में साफ-सफाई और खाने की गुणवत्ता की नियमित जांच होनी चाहिए.
होटल संचालक बोला मेरे खिलाफ साजिश
फिलहाल इस पूरे मामले में होटल संचालक अकील शाह का कहना है कि उसके खिलाफ साजिश रची जा रही. वह कई सालों से होटल का संचालन कर रहा है और होटल गाइडलाइन का पालन कर रहा है यह उसके खिलाफ साजिश है.
खाद्य अधिकारी राधेश्याम गोले ने मामले को संज्ञान में लिया
वहीं मामले की जानकारी लगते ही जिले के खाद्य अधिकारी राधेश्याम गोले ने भी इसका संज्ञान लिया. जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम होटल पहुंची. वहां से मटन कोल्हापुरी और अन्य खाने-पीने की चीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए. साथ ही खाद्य अधिकारी ने कहा कि लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि खाने में मिला पदार्थ वास्तव में क्या था. उन्होंने साफ किया कि अगर सैंपल जांच में फेल होता है तो होटल संचालक के खिलाफ एफएसएसएआई एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही होटल का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें-Indore News: ‘शुद्धता का वादा’ करने वाले गोवर्धन घी का स्टॉक सीज, अमिताभ बच्चन कर चुके हैं प्रचार, मौके पर जो दिखा..
गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी
पुलिस और खाद्य विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चूहे के अवशेष खाने में कैसे पहुंचे और इसके लिए कौन जिम्मेदार है. इस घटना के बाद खंडवा शहर में होटल और ढाबों पर मिलने वाले खाने की गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी है.
सोशल मीडिया पर भी लोग खाद्य विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में होटलों पर भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में प्रशासन को नियमित छापेमारी करनी चाहिए ताकि इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो. फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है. रिपोर्ट आने के बाद ही तय होगा कि दोषियों पर क्या कार्रवाई होगी.