Khandwa: जेब गरम करते ही पंचायत सचिव गिरफ्तार, लोकायुक्त टीम ने मेडिकल चौराहे से रंगे हाथों पकड़ा

Khandwa: इंदौर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खंडवा जिले के एक ग्राम सचिव को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ा है.
Indore Lokayukta Police

आरोपी सचिव गिरफ्तार

Khandwa: इंदौर लोकायुक्त टीम ने खंडवा में पंचायत सचिव को रंगे हाथों रिश्वत लेते हुए पकड़ा है. टीम ने 9 अक्टूबर 2026 शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत नाहल्दा के सचिव कृष्ण देव पटेल को गिरफ्तार किया है. टीम ने आरोपी को मेडिकल चौराहे के पास एक चाय की दुकान के सामने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया है.

क्या है पूरा मामला?

सचिव को गिरफ्तार कर लोकायुक्त की टीम ने रिश्वत की रकम जब्त कर ली और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम नाहल्दा निवासी लक्ष्मण सिंह चौहान का निजी स्कूल है. इसका संचालन उनका बेटा करता है. स्कूल ग्राम पंचायत नाहल्दा के क्षेत्र में आता है.

लक्ष्मण सिंह चौहान ने की थी शिकायत

शिकायतकर्ता लक्ष्मण सिंह चौहान का आरोप था कि स्कूल के दो साल का प्रॉपर्टी टैक्स करीब 2 लाख 20 हजार रुपये बताया गया था. इस राशि को कम करने के बदले पंचायत सचिव कृष्ण देव पटेल ने 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी.

इस तरह से पकड़ा गया आरोपी

आवेदक की शिकायत के आधार पर लोकायुक्त इंदौर के पुलिस अधीक्षक श्री राजेश सहाय के द्वारा शिकायत का सत्यापन करवाया गया. शिकायत सही पाये जाने पर आज 09 अक्टूबर 2026 को आरोपी कृष्ण देव पटेल, सचिव ग्राम पंचायत नाहल्दा, तहसील/जिला खंडवा के खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 के अन्तर्गत अपराध पंजीबद्ध कर ट्रैप का आयोजन किया गया.

लोकायुक्त की टीम में ये लोग शामिल थे

लोकायुक्त पुलिस के इस ट्रैप के दौरान आरोपी कृष्ण देव पटेल को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया. इस ट्रैप कार्रवाई में लोकायुक्त की टीम से निरीक्षक प्रतिभा तोमर, आरक्षक आदित्य सिंह, रामेश्वर निगवाल, आशीष नायडू, कमलेश परिहार, सतीश यादव और श्रीकृष्ण अहिरवार शामिल रहे.

लोकायुक्त पुलिस की अपील

लोकायुक्त संगठन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत तुरंत लोकायुक्त पुलिस, इंदौर में करें.

ये भी पढ़ें: ‘पूरा ट्रांसपोर्ट बंद नहीं कर सकते…’, CJP के प्रदर्शन से पहले सरकार को फटकार, SC ने क्‍या कहा?

ज़रूर पढ़ें