Vistaar NEWS

MP News: बड़वानी में इंदौर-मुंबई बस पर बदमाशों ने किया पथराव, हमले में 5 से ज्यादा या‍त्री घायल

Indore-Mumbai bus pelted with stone

इंदौर-मुंबई बस पर पथराव

रिपोर्ट – सचिन राठौर

MP News: बड़वानी में गुरुवार रात जुलवानिया थाना क्षेत्र में इंदौर से मुंबई जा रही कौशल ट्रेवल्स की यात्री बस पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया. एबी रोड पर हुई इस घटना में बस का अगला कांच टूट गया, जिससे 5 से अधिक यात्री घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुलवानिया में भर्ती कराया गया.

रात 11 बजे बदमाशों ने किया हमला

बस में सवार यात्री पहरा ने बताया कि वे इंदौर से मुंबई जा रहे थे. रात करीब 11 बजे जुलवानिया से सेंधवा रोड पर अचानक कुछ अज्ञात बदमाशों ने बस पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. पथराव से बस का अगला कांच टूटकर आगे बैठे यात्रियों को लगा. बस में कुल 40 से 45 यात्री सवार थे.

तीन बदमाशों ने किया पथराव

बस चालक श्यामलाल के अनुसार, जुलवानिया थाना क्षेत्र में एबी रोड पर तीन बदमाशों ने बस पर पथराव किया. कांच टूटते ही बस में अफरा-तफरी मच गई. उन्होंने बताया कि गनीमत रही कि बस अनियंत्रित होकर पलटी नहीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. पांच यात्रियों को कांच लगने से चोटें आई हैं.

पुलिस की गश्‍त के बाद भी बस पर हमला

स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस वाहन लगातार एबी रोड पर गश्त कर रहा था, इसके बावजूद बदमाशों ने चलती बस को निशाना बनाया. सूचना मिलने पर जुलवानिया थाना प्रभारी सौरभ बाथम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घायलों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया और घटनास्थल का मुआयना किया.

जांच में जुटी पुलिस

थाना प्रभारी सौरभ बाथम ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पांच घायल यात्रियों का उपचार जारी है. पुलिस आरोपियों की तलाश में एबी रोड और आसपास के क्षेत्र में लगातार सर्चिंग कर रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. उन्होंने जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढे़ं- सड़क हादसे में बाल-बाल बचे लखनादौन विधायक योगेंद्र सिंह बाबा, तेज रफ्तार स्कार्पियो हुई दुर्घटनाग्रस्त, धू-धूकर जली गाड़ी

Exit mobile version