MP News: दिल्ली के छात्र आंदोलन की गूंज मध्य प्रदेश में तेज, 20 जिलों में प्रदर्शन, इंदौर में 25वें दिन भी डटे छात्र

MP News: राज्य के करीब 20 जिलों में छात्र, युवा और विभिन्न संगठनों के लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं. कहीं धरना दिया जा रहा है तो कहीं रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा रहा है.
Students' protest in Madhya Pradesh

मध्‍य प्रदेश में स्टूडेंट्स का प्रदर्शन

MP News: दिल्ली में चल रहे छात्र आंदोलन का असर अब मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी साफ दिखाई दे रहा है. राज्य के करीब 20 जिलों में छात्र, युवा और विभिन्न संगठनों के लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं. कहीं धरना दिया जा रहा है तो कहीं रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा रहा है.

20 जिलों में दिखा आंदोलन का असर

शुक्रवार को इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, धार, मऊगंज, नर्मदापुरम, झाबुआ, सिंगरौली, भिंड, टीकमगढ़, शाजापुर, सतना, सीधी, रतलाम, रीवा, बैतूल, उमरिया, बड़वानी और श्योपुर समेत कई जिलों में आंदोलन की गतिविधियां देखने को मिलीं. सबसे लंबा प्रदर्शन इंदौर में जारी है, जहां टंट्या भील चौराहे पर छात्र पिछले 25 दिनों से धरने पर बैठे हैं.

शुरुआत कुछ विद्यार्थियों से हुई थी, लेकिन अब हर दिन बड़ी संख्या में लोग आंदोलन में शामिल हो रहे हैं. पुलिस पूरे प्रदर्शन पर ड्रोन के जरिए नजर रख रही है और प्रदर्शनकारियों की पहचान भी की जा रही है.

भोपाल में इस्तीफे की मांग पर अड़े छात्र

राजधानी भोपाल में एमपी नगर स्थित बोर्ड ऑफिस चौराहे पर छात्रों का धरना लगातार जारी है. आंदोलन में शामिल छात्रों का कहना है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका विरोध खत्म नहीं होगा. शुक्रवार को एक छात्रा अपने हाथ में व्यंग्यात्मक संदेश वाला पोस्टर लेकर भी प्रदर्शन में शामिल हुई, जिसने लोगों का ध्यान खींचा.

ग्वालियर में दो पक्ष आमने-सामने

ग्वालियर में छात्र आंदोलन को लेकर दो अलग-अलग पक्ष आमने-सामने आ गए. एक समूह दिल्ली में उठाई जा रही मांगों के समर्थन में उतरा, जबकि दूसरे समूह ने आंदोलन के दौरान लगाए गए कथित देशविरोधी नारों का विरोध किया. दोनों पक्ष कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया.

जबलपुर में CJP के विरोध में बना नया संगठन

उधर, जबलपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध में कुछ लोगों ने ‘लाल हिट जनता पार्टी’ के नाम से प्रदर्शन किया. मालवीय चौक पर जुटे प्रदर्शनकारियों ने अपने सीने पर पोस्टर लगाकर विरोध जताया. उनका कहना था कि छात्रों की मांगों से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन आंदोलन का तरीका उचित नहीं माना जा सकता.

दिल्ली के आंदोलन के बीच NTA के 47 अधिकारी बर्खास्त

गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन लगातार जारी है. इस मुद्दे पर विपक्ष भी केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है. इसी बीच केंद्र सरकार ने शुक्रवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के 47 अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त करने का फैसला लिया है. साथ ही उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी.

ये भी पढे़ं- Mauganj: दिल्ली में छात्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर मऊगंज में प्रदर्शन, मशाल जुलूस निकालकर जताया विरोध

ज़रूर पढ़ें