MP News: बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बयान पर बवाल, IPS एसोसिएशन ने जताया विरोध, कहा- बयान ‘अमर्यादित और निंदनीय’

MP News: एसोसिएशन ने बयान को “अमर्यादित और निंदनीय” करार देते हुए कहा कि इस तरह की भाषा किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती.
MLA Pritam Lodhi

IPS एसोसिएशन ने जताई कड़ी आपत्ति

MP News: बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी के एक बयान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. SDOP आयुष जाखड़ पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. इस मामले ने न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में हलचल मचाई है, बल्कि प्रशासनिक गरिमा और जनप्रतिनिधियों के आचरण पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

IPS एसोसिएशन ने जताया कड़ा विरोध

IPS एसोसिएशन ने इस मामले में कड़ा विरोध जताते हुए प्रेस नोट जारी किया है. एसोसिएशन ने बयान को “अमर्यादित और निंदनीय” करार देते हुए कहा कि इस तरह की भाषा किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती. उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारियों के साथ-साथ उनके परिवार पर टिप्पणी करना बेहद आपत्तिजनक है और इससे पूरे प्रशासनिक तंत्र की गरिमा प्रभावित होती है. एसोसिएशन ने यह भी चिंता जताई कि इस तरह की घटनाएं अधिकारियों के मनोबल को कमजोर कर सकती हैं.

जब जनप्रतिनिधि सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणियां करते हैं, तो इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी नकारात्मक असर पड़ता है. अधिकारियों ने मांग की है कि इस मामले में उचित और सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

सिविल सर्विस डे पर लिखा पत्र

गौरतलब है कि यह विवाद सिविल सर्विस डे के आसपास सामने आया है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है. इस दिन प्रशासनिक सेवाओं के योगदान को सम्मानित किया जाता है, ऐसे में इस तरह की टिप्पणी को लेकर अधिकारियों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है. पूरे घटनाक्रम के बाद जनप्रतिनिधियों की भाषा और आचरण को लेकर बहस तेज हो गई है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सार्वजनिक जीवन में संयम और मर्यादा बेहद जरूरी है. फिलहाल, मामला तूल पकड़ता जा रहा है और अब सभी की नजरें संभावित कार्रवाई पर टिकी हैं.

ये भी पढे़ं- ‘बंगले में गोबर भर दूंगा…’, भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने SDOP को दी धमकी, SP से बोले- दिल्‍ली से इनको कौन चला रहा है

ज़रूर पढ़ें