हरदा: हरदा जिले की टिमरनी तहसील के ग्राम चारखेड़ा में धार्मिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की मिसाल सामने आई है. यहां मुस्लिम युवक फारुख शाह ने अपने खर्च से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा खरीदकर विधि-विधान से स्थापना की और गणेश उत्सव की शुरुआत की.
5 हजार रुपये में खरीदी भगवान गणेश की प्रतिमा
फारुख शाह ने करीब 5 हजार रुपये की लागत से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा खरीदी. प्रतिमा स्थापना के बाद गांव में हिंदू और मुस्लिम परिवार मिलकर गणेश जी की आरती में शामिल हो रहे हैं. प्रतिदिन सुबह और शाम ढोल-नगाड़ों के साथ सामूहिक रूप से आरती की जा रही है.
भाईचारे व इंसानियत का संदेश
फारुख शाह का कहना है कि देश में हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच अलगाव को लेकर कई बार माहौल देखने को मिलता है. इसी भावना को दूर करने और आपसी भाईचारे व इंसानियत का संदेश देने के उद्देश्य से उन्होंने यह पहल की है. उनका कहना है कि सभी धर्मों के लोगों को मिल-जुलकर रहना चाहिए और समाज में प्रेम व सद्भाव बनाए रखना चाहिए.
उन्होंने यह भी कहा कि अब वे हर साल भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करेंगे. उनकी इस पहल में गांव के हिंदू और मुस्लिम परिवार भी साथ नजर आ रहे हैं.
दोनों समुदाय एक साथ आरती में शामिल
ग्राम चारखेड़ा में गणेश उत्सव के दौरान दोनों समुदायों के लोगों का एक साथ आरती में शामिल होना सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का संदेश दे रहा है. फारुख शाह की इस पहल की ग्रामीणों के बीच भी चर्चा हो रही है.
“देश में हिंदू-मुस्लिम को लेकर जो माहौल है, उसको दूर करने के लिए यह पहल की गई है. हम आपसी भाईचारे और इंसानियत का संदेश देना चाहते हैं. सभी धर्मों के लोगों को मिल-जुलकर रहना चाहिए और समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखना चाहिए. अब हम हमेशा हर साल गणेश जी की प्रतिमा बैठाएंगे.”
ये भी पढे़ं- इंदौर में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का रोड शो, सीएम मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद
