Vistaar NEWS

BJP विधायक संजय पाठक की फर्म से डेढ़ करोड़ रुपये ठगी का मामला, नरसिंहपुर से 4 आरोपी गिरफ्तार

BJP MLA Sanjay Pathak

विधायक संजय पाठक

MP News: बीजेपी विधायक संजय पाठक की फर्म से डेढ़ करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. नरसिंहपुर जिले के करेली से पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है. चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद एक दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है. सभी से पूछताछ की जा रही है.

पुलिस ने बैंक खाते फ्रीज कराए

दरअसल, ठगी के बाद साइबर ठगों ने राशि को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया था. पुलिस जांच में सामने आया कि नरसिंहपुर जिले के करेली में रहने वाले अनुज कुर्मी के अकाउंट में 4.20 लाख रुपये भेजे गए. आरोपी अनुज ने राशि को आर्यन, यशवंत और अन्य युवक के खातों में ट्रांसफर कर दिया था. पुलिस ने कड़ियां जोड़ते हुए करेली में दबिश दी और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने अब तक विभिन्न बैंक खातों को फ्रीज करा दिया है, जिसमें 28 लाख रुपये पाए गए. पुलिस की विभिन्न टीमें इंटरस्टेट साइबर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दी जा रही है.

ये भी पढ़ें: 40 हजार जमा करो, हर महीने 10% पाओ, लॉन्ग एशिया कंपनी ने जबलपुर के निवेशकों को लगाया करोड़ों का चूना

क्या है पूरा मामला?

कटनी जिले की विजयराघवगढ़ विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और कारोबारी संजय पाठक की फर्म से डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया था. इस ठगी के खिलाफ 12 अगस्त को रंगनाथ नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया गया था. साइबर ठगों ने कंपनी के सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल नंबर से फर्जी तरीके सोशल मीडिया साइट व्हाट्सएप पर मैसेज भेजे गए. इस तरह कंपनी के अकाउंटेंट से दूसरे खातों में 1.5 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर सेल के साथ मिलकर 16 लाख रुपये होल्ड करवा दिए.

Exit mobile version