Mandla: PM मोदी के 76वें जन्मदिन पर जन्मा बच्चा, कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने ‘नरेंद्र’ नाम रखा
मंडला: नवजात का नाम 'नरेंद्र' रखा गया
Mandla News: देश भर में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर रही है. इसके साथ ही ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है. मध्य प्रदेश के मंडला में पीएम के 76वें बर्थडे को लेकर उत्साह का माहौल है. ऐसी ही खुशी की खबर जिला अस्पताल से आई, जहां नवजात का नाम ‘नरेंद्र’ रखा गया.
कैबिनेट मंत्री ने रखा नाम
आज मंडला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर जिला अस्पताल में खास पहल देखने को मिली. प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा जिला अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड पहुंचे. यहां उन्होंने खैरी निवासी प्रसूता महिला से मुलाकात कर उसका और नवजात बच्चे का हालचाल जाना. सुबह-सुबह जन्मे नवजात का नामकरण भी किया गया. मंत्री संपतिया उइके ने बच्चे का नाम ‘नरेंद्र’ रखा. साथ ही मंत्री ने जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की जानकारी ली और पोषण आहार सामग्री का भी वितरण की.
कैबिनेट मंत्री ने क्या कहा?
मध्य प्रदेश सरकार में पीएचई मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि जब हम अस्पताल में फल और पोषण आहार बांट रहे तो एक प्रसूता ने पूछा कि आप ये क्यों कर रहे हैं? इस पर हमने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस है. इस उपलक्ष्य में पूरे देश में सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इस पर महिला ने कहा कि इस बच्चे का नाम भी रख दीजिए. इस पर हमारे बीजेपी जिला अध्यक्ष और महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने मिलकर नवजात का नाम नरेंद्र रख दिया.
ये भी पढ़ें: MP News: 4 साल की कड़ी मेहनत से पूरा किया सपना, MPPSC सहायक कुलसचिव परीक्षा में रुचि तिवारी ने मारी बाजी
उन्होंने आगे बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की जन्मदिवस के दिन भी हमने पोषण आहार और फलों का वितरण किया था. इस दौरान एक महिला ने अपने बच्चे का नाम रखने के लिए कहा तो हमने नवजात का नाम मोहन रखा था.