MP News: बालाघाट में 12.60 करोड़ के सरकारी चावल की हेराफेरी, 17 लोगों पर FIR, 18 को किया गिरफ्तार

MP News: सरकारी एफसीआई गोदामों से एथेनॉल प्लांट भेजे जा रहे चावल में बड़े पैमाने पर हुई हेराफेरी मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. इस बहुचर्चित रैकेट में पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित एसआईटी की कार्रवाई तेज हो गई है.
Case of rice misappropriation

चावल हेराफेरी का मामला

MP News: बालाघाट में सरकारी एफसीआई गोदामों से एथेनॉल प्लांट भेजे जा रहे चावल में बड़े पैमाने पर हुई हेराफेरी मामले में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं. इस बहुचर्चित रैकेट में पुलिस अधीक्षक द्वारा गठित एसआईटी की कार्रवाई तेज हो गई है. मामले में अब तक 17 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, जिनमें से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं, 5 आरोपी अभी भी फरार हैं और 4 अन्य से पूछताछ जारी है. पुलिस का मानना है कि जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, आरोपियों की संख्या में और इजाफा हो सकता है.

बालाघाट से भेजे गए चावल की हेराफेरी का खुलासा

जांच में खुलासा हुआ है कि बालाघाट के नवेगांव एफसीआई गोदाम से छिंदवाड़ा स्थित एवीजे एथेनॉल प्लांट के लिए भेजे गए 54,590 क्विंटल चावल को रास्ते में ही गायब कर दिया गया. एथेनॉल प्लांट में आपूर्ति किए जाने के बजाय यह चावल अवैध रूप से अलग-अलग राइस मिलों में खपा दिया गया. हेराफेरी किए गए इस चावल की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 12.60 करोड़ रुपये बताई जा रही है.

प्रदेश के कई जिलों तक फैली जांच

एसआईटी के अनुसार, यह घोटाला केवल बालाघाट तक सीमित नहीं है. प्रदेश के लगभग एक दर्जन जिलों से कुल 17 हजार मीट्रिक टन सरकारी चावल छिंदवाड़ा स्थित एथेनॉल प्लांट के लिए रवाना किया गया था. बालाघाट के नवेगांव गोदाम के मामले का खुलासा होने के बाद अब एसआईटी शेष 11 हजार मीट्रिक टन चावल की गहन जांच कर रही है. यह चावल सिवनी, छिंदवाड़ा, शहडोल और कटनी सहित अन्य जिलों के एफसीआई गोदामों से भेजा गया था. इस मामले की कड़ियां जुड़ने के साथ ही एसआईटी की जांच का दायरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है.

111 ट्रक जांच के घेरे में

एफसीआई अधिकारियों, राइस मिलर्स और बिचौलियों के अलावा अब इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने वाले ट्रांसपोर्टरों पर भी कार्रवाई की तैयारी है. परिवहन में शामिल 111 ट्रकों को भी जांच के दायरे में लिया गया है. जांच एजेंसी का अनुमान है कि अन्य जिलों के आंकड़ों की पड़ताल पूरी होने के बाद घोटाले की कुल राशि और गबन किए गए सरकारी चावल का आंकड़ा कई गुना बढ़ सकता है.

ये भी पढे़ं- इटारसी रेलवे स्टेशन पर खाने में दी जा रही थीं सड़ी सब्जियां, खाद्य विभाग ने गंदगी से चल रहे 3 किचन पर की छापेमारी

ज़रूर पढ़ें