‘बहन की NEET परीक्षा रद्द होने पर आया गुस्‍सा…’, बालाघाट कलेक्ट्रेट में बम फोड़ने वाले युवक ने मांगी माफी

MP News: युवक ने कलेक्ट्रेट परिसर में कम तीव्रता वाला बम फोड़कर नारेबाजी करने वाली अपनी हरकत पर खेद जताया है. युवक ने लिखित माफीनामा देकर अपने कृत्य के लिए माफी मांगी है.
The young man apologized.

युवक ने मांगी माफी

MP News: मध्य प्रदेश के बालाघाट कलेक्ट्रेट परिसर में एक युवक द्वारा कम तीव्रता वाला विस्फोटक फेंके जाने का मामला सामने आया था. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में युवक खुद को नीट अभ्यर्थी बताते हुए परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर नाराजगी जाहिर करता दिखाई दिया.

वीडियो सामने आने के बाद अब युवक ने कलेक्ट्रेट परिसर में कम तीव्रता वाला बम फोड़कर नारेबाजी करने वाली अपनी हरकत पर खेद जताया है. युवक ने लिखित माफीनामा देकर अपने कृत्य के लिए माफी मांगी है. उसने स्वीकार किया कि गुस्से और आवेश में आकर उसने यह कदम उठाया था.

जंतर-मंतर प्रदर्शन में लाठीचार्ज की घटना से था आक्रोश‍ित

युवक ने बताया कि वह जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और कथित लाठीचार्ज की घटना से आक्रोशित था. इसी नाराजगी के चलते वह बालाघाट कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचा और कम तीव्रता वाला बम फोड़कर विरोध दर्ज कराया.

बहन ने दी थी NEET परीक्षा

माफीनामे में युवक ने कहा कि उसकी बहन ने नीट परीक्षा दी थी, जिसमें उसे 400 अंक मिले थे. परीक्षा रद्द होने के बाद उसकी बहन मानसिक तनाव में आ गई थी. इसी वजह से वह भी बेहद गुस्से में था और आवेश में आकर उसने यह कदम उठा लिया.फिलहाल युवक के माफीनामे के बाद भी पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं. साथ ही घटना के सभी पहलुओं और कानूनी कार्रवाई को लेकर जांच जारी है.

वायरल वीडियो में दिखी पूरी घटना

वायरल वीडियो में युवक सफेद शर्ट और काली पैंट पहने कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर खड़ा नजर आता है. वह पहले अपनी बात रखता है और फिर ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे लगाते हुए परिसर की ओर कम तीव्रता वाला विस्फोटक फेंक देता है. धमाके की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग घबरा जाते हैं. हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

वीडियो में युवक कहता है कि वह अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से और कलम के माध्यम से रखना चाहता था, लेकिन परिस्थितियों ने उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया. वह सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी नाराजगी भी व्यक्त करता है. सोशल मीडिया पर युवक का नाम सुजल मेश्राम बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस की ओर से उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

ये भी पढे़ं- बिजली लाइन सही करते समय आउटसोर्ट कर्मचारी की करंट लगने से मौत, मुरैना में परिजनों ने जमकर किया हंगामा, कार्रवाई की मांग की

ज़रूर पढ़ें