MP News: ‘गांधी जब तक जिंदा हैं, गोडसे पनप नहीं सकता’, जीतू पटवारी बोले- शरीर की हत्या के बाद उनकी सोच को नहीं मार सके
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी(File Photo)
MP News: मध्य प्रदेश कांग्रेस के राजीव गांधी सभागार में कांग्रेस के विचार विभाग द्वारा आयोजित बौद्धिक विमर्श में देश के प्रख्यात पत्रकार पंकज चतुर्वेदी ने गांधी के राम को व्याख्यायित करते हुए कहा कि गांधी के राम दलित ,वंचितों और आदिवासियों को अपनी शक्ति में पिरोने वाले राम थे. वे समाज में पीछड़ गए लोगों को उठाने वाले पतित पावन थे. उन राम को राजनीति का हथियार बनाने वाली भाजपा राम की स्थापित मर्यादाओं को तार-तार कर रही है. उन्होंने कहा कि गांधी ने ₹100 की वर्धा में सेवा कुटी बनाकर देश की सेवा की और आजादी दिला दी आज 20हजार करोड रुपये से सेवा तीर्थ बनाने वाले लोगों ने 81 करोड लोगों के हाथ में 5 किलो अनाज की निर्भरता पैदा कर दी है. निर्भरता कभी स्वतंत्रता का पर्याय नहीं बन सकती है.
‘जब तक गांधी जिंदा हैं, गोडसे नहीं पनप सकता’
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने विमर्श को आगे बढ़ाते हुए कहा कि गांधी जब तक जिंदा है, तब तक गोडसे पनप ही नहीं सकता है. इसीलिए गांधी की बार-बार हत्या करने की कोशिश होती है. गांधी को गोली मारकर शारीरिक हत्या करने के बाद भी जब हत्यारी मानसिकता को लगा कि गांधी तो मरे ही नहीं, तो उन्होंने गांधी के पुतले बनाकर गोली चलाकर गोडसे को जिंदा करने की कोशिश की, लेकिन वह जिंदा नहीं हुआ. गांधी का उन्होंने चश्मा चुराया, लेकिन फिर भी वह गांधी को विस्मृत नहीं कर सके. अब वह गांधी के विचार को मनरेगा की हत्या करके विस्मृत करने की चेष्टा कर रहे हैं. लेकिन गांधी अभी भी जिंदा हैं और गांधी अनंत काल तक जिंदा रहेंगे.
‘पितृ भूमि इजराइल जैसा नवजात देश कैसे हो सकता है’
प्रदेश कांग्रेस के विचार विभाग के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि भारत जिनकी मातृभूमि है. जिनकी मां भारत माता है. जिस मातृभूमि का इतिहास हजारों साल पुराना है, वहीं हजारों साल पुरानी सभ्यता की पितृ भूमि ईजराईल जैसा नवजात देश कैसे हो सकता है. यह बीजेपी को समझाना चाहिए. किस आधार पर इजराइल को भारत की पितृभूमि बताने का कुटिल प्रयास भाजपा के माध्यम से हो रहा है.
‘मुंह में राम, बगल में नाथूराम भाजपा की विचारधारा है’
कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रशिक्षण विभाग के महेंद्र जोशी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के लिए तो मुंह में राम बगल में नाथूराम ही उनकी विचारधारा है. पूर्व मत्री पीसी शर्मा ने गांधी के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि इजराइल के बहाने भाजपा ने नया पिता खोज लिया है.
गांधी के राम विषय पर आयोजित इस विमर्श में प्रदेश इंटक(INTUC) के अध्यक्ष एस एस यादव, उपाध्यक्ष के के नेमा, बी डी गौतम ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया. विचार विभाग, इंटक एवं नर्मदा सेवा सेना के सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित थे. पूर्व लेबर कमिश्नर राम गोपाल पांडे ने नए श्रम कानून पर अपने विचार रखे कार्यक्रम का संचालन भूपेंद्र गुप्ता ने एवं विक्रम चौधरी ने आभार व्यक्त किया.