Vistaar NEWS

Gwalior: शादी के चौथे दिन ही दुल्हन ने उठाया खौफनाक कदम, दहेज में स्कॉर्पियो न देने पर हत्या की कोशिश का आरोप

Gwalior News

सपना कंसाना और उसका पति सौरभ सिंह गुर्जर

Gwalior: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. इस मामले में शादी के 4 दिन बाद ही दुल्हन ने आत्महत्या करने की कोशिश की है. फिलहाल नवविवाहिता सपना कंसाना की जान तो बच गई लेकिन वह हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है. हादसे के बाद से ही सपना बेहोश है इसलिए अभी तक असली वजह का पता नहीं चल पाया है.

5 दिनों से होश में नहीं लौटी सपना

दूसरी तरफ मायके और सुसराल वाले आमने-सामने आ गए हैं. सुसराल पक्ष ने सपना की इस कदम को आत्महत्या बताया तो वहीं मायके वाले इसे दहेज के लिए हत्या की कोशिश बता रहे हैं. बता दें कि सपना बीते 5 दिनों से होश में नहीं लौटी है. जानकारी के अनुसार, सपना की शादी 24 अप्रैल को सौरभ सिंह गुर्जर से हुई थी. मायके पक्ष के अनुसार, शादी में करीप 8 लाख रुपए नकद और अन्य सामान दिया गया था.

शादी के 4 दिन ही मांगने लगे थे स्कॉर्पियो

मायके वालों ने आरोप लगाया है कि ससुराल पक्ष के लोग शादी के 4 दिन बाद ही स्कॉर्पियो की मांग करने लगे थे और सपना को प्रताड़ित करने लगे. इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए ससुराल वालों ने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा. ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि सपना ने शादी के चार दिन बाद ही 28 अप्रैल की शाम अपने बाथरूम के कपड़े टांगने वाली खूंटी से उसने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी. लेकिन खूंटी टूट गई और वह नीचे गिर गई, जिससे उसकी जान बच गई.

मायके वालों ने लगाया हत्या की कोशिश का आरोप

मायके वालों को कहना है कि सपना के पति सौरभ गुर्जर, पिता पान सिंह गुर्जर और मां कल्लोबाई गुर्जर ने दहेज में स्कॉर्पियो की मांग पूरी न होने पर उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की. दोनों पक्षों के बयान सामने आने के बाद मामला संगीन बना हुआ है पुलिस अब सपना के होश में आने का इंतजार कर रही है.

सीएसपी नागेंद्र सिकरवार ने कहा-

इस घटना को लेकर सीएसपी नागेंद्र सिकरवार का कहना है कि ये पता लगाया जा रहा है कि ये आत्महत्या का प्रयास था या फिर इसके पीछे कोई साजिश हैं. फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए है साथ ही मेडिकल रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है. इसी बीच अगर सपना का बयान सामने आ जाता है तो मामला पानी की तरह साफ हो जाएगा. इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं: 104 दूल्हे ई-रिक्शे पर बारात लेकर निकले, महापौर ने उठाया खर्च, सतना में CM कन्या विवाह योजना के तहत लिए 7 फेरे

Exit mobile version