104 दूल्हे ई-रिक्शे पर बारात लेकर निकले, महापौर ने उठाया खर्च, सतना में CM कन्या विवाह योजना के तहत लिए 7 फेरे
सतना में 104 दूल्हों ने ई-रिक्शे पर बारात निकाली.
MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले में 104 दूल्हे ई-रिक्शे पर अपनी बारात लेकर पहुंचे. खास बात ये है कि इस बारात का खर्च महापौर ने खुद उठाया. सभी जोड़े मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत शादी करने के लिए पहुंचे थे. सभी ने पूरे रीति रिवाज के साथ एक-दूसरे के साथ 7 जन्मों के साथ रहने की कसम खाई. वहीं ई-रिक्शे पर निकाली गई बारात की चर्चा हर तरफ हो रही है.
30 ई-रिक्शों पर निकली बारात
आपने अपनी जिंदगी में अलग-अलग तरह की बारात देखी होगी. बग्घी , कार और आपने हेलीकॉप्टर वाली बारात भी देखी होगी. कई तरह की हाई टेक शादी में शायद शिरकत भी की हो. लेकिन ये बारात अपनेआप में अनूठी है. मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 104 जोड़ों को शादी के लिए आमंत्रित किया गया था. सादगी के साथ होने वाली इस तरह की शादी का खर्च सरकार उठाती है. लेकिन गरीब विवाहित जोड़ों की शादी को यादगार बनाने का जिम्मा खुद सतना के महापौर योगेश ताम्रकार ने उठाया, और बारात निकालने के लिए 30 ई-रिक्शे बुलवा लिए और धूमधाम के साथ बारात निकाली. वेंकटेश मंदिर से निकाली गई ई-रिक्शा वाली ये बारात वेंकट क्रमांक 2 मैदान तक पहुंची. यहीं विवाह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था.
49 हजार रुपये का प्रतीकात्मक चेक दिया
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में शामिल होने के लिए 155 जोड़ों ने आवेदन किया था. लेकिन स्क्रूटनी के बाद सिर्फ 104 जोड़ों के आवेदन ही वैध पाए गए. इसके बाद उन्हें शादी के लिए बुलाया गया. शादी में कन्याओं को प्रतीकात्मक रूप से 49 हजार रुपये का चेक भी दिया गया. बाद में राज्य सरकार सभी कन्याओं के खाते में 49-49 हजार रुपये की राशि ट्रांसफर करेगी. वहीं ई-रिक्शा पर निकाली गई बारात वाली शादी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. बारात निकालने का पूरा खर्च महापौर योगेश ताम्रकार ने उठाया था. जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग महापौर की दरियादिली भी जमकर तारीफ कर रहे हैं.
बता दें कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का लाभ लेने के लिए बीपीएल यानी गरीबी रेखा के नीचे का कार्ड होना जरूरी है. इसके साथ ही जिस भी नगर निगम में शादी का आयोजन हो रहा है, दूल्हा या दुल्हन उस नगर निगम सीमा के क्षेत्र का रहने वाला होना चाहिए.
ये भी पढ़ें: Jabalpur Cruise Incident: मौज-मस्ती के बीच मौत की दस्तक! क्रूज के डूबने से पहले का वीडियो