Mauganj: फाइलों में दफन था 20 लाख का खेल… विस्तार न्यूज़ की एक खबर से मचा प्रशासनिक भूचाल!
जिला पंचायत रीवा
मऊगंज जिले का चर्चित देवरा संबल घोटाला अब प्रशासनिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है. डेढ़ महीने तक जिला पंचायत के दफ्तरों में दबाकर रखी गई फाइल पर आखिरकार तब कार्रवाई हुई, जब विस्तार न्यूज़ ने इस पूरे खेल का पर्दाफाश किया. खबर प्रसारित होते ही प्रशासन में ऐसा हड़कंप मचा कि अफसरों के बंद कमरों में छिपा मामला अचानक खुल गया और अब 06 लोगों पर एफआईआर व सरकारी राशि की रिकवरी के आदेश जारी कर दिए गए हैं.
यह सिर्फ एक घोटाला नहीं, बल्कि गरीबों के हक पर डाला गया सुनियोजित डाका बताया जा रहा है. शासन की महत्वाकांक्षी संबल योजना, जो जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए बनाई गई थी, उसे ही भ्रष्टाचारियों ने कमाई का जरिया बना डाला. जांच में सामने आया कि सामान्य मौतों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए दुर्घटना में बदल दिया गया, ताकि सहायता राशि दोगुनी निकाली जा सके.
20 लाख रुपए से अधिक की राशि का बंदरबांट
जहां पात्र परिवारों को 2 लाख रुपए मिलने थे, वहां कागजों में हेराफेरी कर 4 लाख रुपए तक की राशि निकाल ली गई. सूत्रों के मुताबिक इस पूरे खेल में 20 लाख रुपए से अधिक की राशि का बंदरबांट किया गया. पंचायत से लेकर जनपद स्तर तक फैले इस नेटवर्क में कई कर्मचारी और जिम्मेदार लोग शामिल बताए जा रहे हैं.

सबसे बड़ा सवाल अब प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठ रहा है. कलेक्टर द्वारा पहले ही कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके थे, फिर आखिर कौन था जो इस फाइल को डेढ़ महीने तक दबाकर बैठा रहा? किसके संरक्षण में आरोपी खुलेआम बचते रहे? विस्तार न्यूज़ की खबर सामने आने के बाद ही प्रशासन की नींद क्यों टूटी? इन सवालों ने पूरे जिले की राजनीति और प्रशासनिक सिस्टम में भूचाल ला दिया है.
कुल 06 लोगों पर एफआईआर दर्ज
मामले को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने सरपंच, सचिव, सहायक सचिव, जनपद शाखा प्रभारी और कंप्यूटर ऑपरेटर सहित कुल 06 लोगों पर एफआईआर दर्ज करने तथा सरकारी राशि की रिकवरी के आदेश जारी कर दिए हैं. वहीं घोटाले में मुख्य भूमिका सामने आने पर सचिव दयाशंकर पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
जांच के दौरान ऐसे दस्तावेज भी मिले हैं, जिनमें मौत के कारणों में संदिग्ध बदलाव किए गए. कई फाइलों में मेडिकल और पंचनामा रिकॉर्ड तक पर सवाल खड़े हो रहे हैं. अब प्रशासन पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गया है और संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है.
पूरे जिले में सनसनी फैल गई
देवरा संबल घोटाले में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे जिले में सनसनी फैल गई है. जिला पंचायत कार्यालयों में बेचैनी साफ दिखाई दे रही है, जबकि जनता के बीच एक ही चर्चा है. अगर विस्तार न्यूज़ यह मुद्दा न उठाता, तो क्या यह घोटाला भी हमेशा के लिए फाइलों में दफन हो जाता?
ये भी पढ़ें: ‘पैसे के लिए बेटी को प्रताड़ित किया गया…समर्थ गालियां देता था’, ट्विशा शर्मा के माता-पिता की अपील न्याय मिले