MP News: रेलवे संपत्ति चोरी मामले में बड़ा खुलासा, 37.40 लाख का सामान बरामद
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्यप्रदेश में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुई गंभीर चोरी की वारदातों का सफल खुलासा किया है. अलग-अलग मामलों में पुलिस ने कुल 37 लाख 40 हजार रुपये से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति जब्त कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई रेलवे संपत्ति, धार्मिक स्थलों और सराफा दुकानों में हुई चोरी से जुड़ी है.
अलग-अलग जगहों से की चोरी
पन्ना जिले के थाना देवेंद्रनगर क्षेत्र में नागौद–खजुराहो रेलवे प्रोजेक्ट के अंतर्गत ग्राम फुलवारी स्थित रेलवे स्टेशन भवन से केबल, वायर, पीवीसी पाइप और अन्य इलेक्ट्रिकल सामग्री चोरी की घटना सामने आई थी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा किया और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की रेलवे संपत्ति जब्त की. यह चोरी रेलवे प्रोजेक्ट के कार्य में बाधा उत्पन्न कर रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई. इसी क्रम में जिले के थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं का खुलासा किया. इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बोलेरो, पिकअप वाहन, मंदिर से चोरी किया गया मुकुट और छत्र, तथा बिजली के तार सहित करीब 9 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई है.
बदमाशों ने भगवान तक को नहीं छोड़ा
शाजापुर जिले के थाना मोहन बड़ोदिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जावदी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना का भी पुलिस ने सफल खुलासा किया है. इस मामले में 600 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और साइबर सेल की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा चोरी का माल खरीदने और रखने वाले एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया. आरोपियों के पास से चांदी के आभूषण, नगदी, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और दो धारदार चाकू सहित कुल 4 लाख 20 हजार 570 रुपये की सामग्री जब्त की गई.
सीहोर में दुकानदार ही निकाल चोर
सीहोर जिले के थाना आष्टा क्षेत्र में बुधबारा खरी खुंडी स्थित एक सराफा दुकान से कर्मचारी द्वारा की गई चोरी का भी पुलिस ने त्वरित खुलासा किया. आरोपी कर्मचारी ने दुकान से 1 किलो 390 ग्राम चांदी के आभूषण चोरी किए थे. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 359 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये है, बरामद किए हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी मामलों में आगे की जांच जारी है और चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं.
ये भी पढ़ें: MP News: ‘विधायक प्रदीप पटेल लापता नहीं, तीर्थ यात्रा पर गए हैं’, राज्यमंत्री राधा सिंह के बयान पर सियासी घमासान