MP News: 40 साल बाद MANIT के 1986 बैच की रीयूनियन, DGP कैलाश मकवाणा अपने सहपाठियों के साथ हुए शामिल
MANIT के 1986 बैच की रीयूनियन.
MP News: मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT), भोपाल के वर्ष 1986 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं का 40 वर्ष बाद आयोजित भव्य पुनर्मिलन 28 फरवरी एवं 01 मार्च 2026 को उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ. चार दशक बाद हुए इस मिलन समारोह ने पुराने साथियों को एक मंच पर लाकर छात्र जीवन की यादों को फिर से ताजा कर दिया.
इस विशेष अवसर पर मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा अपने सहपाठियों के साथ उपस्थित रहे. उन्होंने इस मिलन को भावनात्मक और प्रेरणादायी अनुभव बताया. कार्यक्रम में गुजरात कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमल दयानी सहित देश-विदेश में प्रशासन, उद्योग, तकनीक, शिक्षा और प्रबंधन के क्षेत्र में प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत अनेक पूर्व छात्र शामिल हुए.
अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया सिंगापुर से आए एलुमनाई
रीयूनियन में भोपाल सहित देश के विभिन्न राज्यों के साथ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और हांगकांग से आए एलुमनाई ने भागीदारी की. लगभग 40 वर्षों बाद मिल रहे मित्रों के बीच आत्मीयता और भावनात्मक जुड़ाव का विशेष वातावरण देखने को मिला.
संवाद, स्मृतियां और उत्सव
दो दिवसीय आयोजन के अंतर्गत पुलिस ऑफिसर्स मेस भोपाल, मोटल शिराज और सफल रिट्रीट में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए. स्वागत सत्र, परिचय, अनुभव साझा संवाद, समूह चर्चा और सांस्कृतिक संध्या ने आयोजन को जीवंत बना दिया. प्रतिभागियों ने अपने पेशेवर जीवन की यात्राओं और उपलब्धियों को साझा किया.
भोपाल के बोट क्लब पर आयोजित शिकारा राइड आकर्षण का केंद्र रही, वहीं वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में साइक्लिंग और मॉर्निंग वॉक के दौरान सभी ने प्रकृति के बीच पुरानी मित्रता को फिर महसूस किया.
कैंपस विजिट और वृक्षारोपण
पूर्व छात्रों ने MANIT परिसर में अपने विभागों और हॉस्टलों का दौरा किया. दशकों बाद अपने पुराने कमरों में पहुंचकर कई प्रतिभागी भावुक हो उठे. इस अवसर पर सामूहिक वृक्षारोपण भी किया गया, जो संस्थान के प्रति स्थायी जुड़ाव और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बना.
सांस्कृतिक रंग और उल्लास
आरजे अनादि द्वारा फन गेम्स और इंटरैक्टिव गतिविधियों ने माहौल को और रोचक बनाया. सांस्कृतिक संध्या में लाइव बैंड प्रस्तुति और पुराने दौर के गीतों ने सभी को छात्र जीवन के स्वर्णिम समय में पहुंचा दिया.
प्रतिभागियों ने कहा कि MANIT ने उन्हें केवल तकनीकी शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और आजीवन मित्रता का मजबूत आधार भी दिया. यह पुनर्मिलन मजबूत एलुमनाई नेटवर्क और समय से परे मित्रता के बंधन का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया.