मऊगंज में सनसनीखेज मामला! पति सोता रहा पत्नी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, 1.5 साल पहले हुई थी शादी
मऊगंज क्राइम न्यूज
MP News: मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के करही गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया. 22 वर्षीय नवविवाहिता मानसी केवट का शव उसके ही घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस कमरे में मानसी ने यह खौफनाक कदम उठाया, उसी कमरे में उसका पति मंगलेश केवट सो रहा था. घटना सामने आने के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. परिवार में मातम का माहौल है.
सुबह खुला मौत का राज
जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरमियानी रात मानसी केवट ने अपने रिहायशी घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि घटना के समय पति मंगलेश उसी कमरे में गहरी नींद में सो रहा था. रविवार सुबह जब उसकी नींद खुली तो पत्नी को फंदे पर लटकता देख उसके होश उड़ गए और चीख-पुकार मच गई. घटना की खबर लगते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया.
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
सूचना मिलते ही नईगढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी उप निरीक्षक ऋषि कुमार द्विवेदी ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी भेजा गया पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है.
मायके पक्ष का हंगामा
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग नईगढ़ी पहुंच गए. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है. मायके पक्ष का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी पूरे सम्मान और सामर्थ्य के अनुसार दहेज देकर की थी. ऐसे में आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी कि नवविवाहिता को आत्मघाती कदम उठाना पड़ा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: रतलाम में 6 लाख के बकरों की कार से चोरी, फिल्मी स्टाइल में पुलिसकर्मी ने आरोपियों को पकड़ा, जानें क्या है पूरा मामला
डेढ़ वर्ष पहले हुई थी शादी
बताया गया है कि मानसी केवट और मंगलेश केवट का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पूर्व हुआ था. फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
थाना प्रभारी ऋषि कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. मेडिकल रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.