मूसा गैंग के खौफ में पुलिस से लेकर नेता! दावा- विधायक प्रदीप पटेल को मिली जान से मारने की धमकी
मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल
MP News: मऊगंज से बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल (Pradeep Patel) एक महीने से लापता हैं. अलग-अलग स्त्रोतों से विधायक को लेकर सूचना मिल रही है कि वे भोपाल स्थित सरकारी आवास में परिवार के साथ रह रहे हैं. वहीं अन्य स्रोत से खबर मिल रही है कि वे अपने ही घर में रह हैं तो कोई अमरकंटक के किसी आश्रम में होने की बात कह रहा है. अब इस मामले में मूसा गैंग की एंट्री हुई है. बताया जा रहा है कि गैंग ने विधायक को जान से मारने की धमकी दी है.
एसपी पर संरक्षण देने का आरोप लगाया
बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल ने पुलिस पर ही मूसा गैंग को संरक्षण देने का आरोप लगाया है. पत्रिका की रिपोर्ट के मुताबिक विधायक ने कहा कि मूसा गैंग ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है. उन्होंने दावा कि पिछले कुछ समय में 6 बार हमला हो चुका है. उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि एसपी दिलीप सोनी मूसा गैंग से खौफ खाते हैं और संरक्षण भी देते हैं. उन्होंने आगे कहा कि डेढ़ साल पहले घर में घुसकर बहन और बहनोई को बंधक बनाकर डकैती की थी.
एसपी ने कहा- ऐसा कोई गैंग नहीं है
मऊगंज एसपी दिलीप सोनी ने कहा कि ऐसा कोई गैंग नहीं है. इससे उलट टीआई सनत द्विवेदी ने मूसा गैंग द्वारा धमकाने की बात कही थी. दरअसल, 29 जनवरी 2025 को रात करीब 1.05 बजे मऊगंज पुलिस थाना टीआई सनत द्विवेदी ने डायरी में लिखा था कि विपिन त्रिपाठी, आशुतोष तिवारी, संतोष तिवारी, लालू पांडे और अशोक चौरसिया समेत 40-50 लोग रात के समय उनके चैंबर में आए और धमकाने लगे. भ्रष्ट कहकर थाने से हटवाने की धमकी दी.
ये भी पढ़ें: MP News: MBBS छात्रा की भोपाल में रहस्यमयी हालात में मौत, हॉस्टल में मिली लाश, एसिड की बोतल पड़ी थी
आखिर क्या है मामला?
विधायक प्रदीप आखिर कहां हैं? इसका अब तक खुलासा नहीं हो पा रहा है. उनके लापता होने पर चर्चाओं का बाजार गर्म है. बताया जा रहा है कि लापता होने के पीछे असल वजह मूसा गैंग नहीं बल्कि जमीन का विवाद है. आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक विधायक ने जमीन विवाद मामले में भूमि स्वामी के खिलाफ जिंदा जलाकर मारने की शिकायत दर्ज करवाई थी. पुलिस की कार्रवाई के बावजूद, विधायक अभी भी नाराज हैं.