Mauganj News: जब हार गई उम्मीद तब मऊगंज पुलिस बनी सहारा, 25 मासूमों को पहुंचाया वापस घर, परिवार में खुशियों की लहर
मऊगंज पुलिस थाना
Mauganj News: गुमशुदगी के अंधेरे में खोए मासूमों की तलाश जब उम्मीद छोड़ने लगती है, तब अगर कोई उन्हें सुरक्षित वापस घर पहुंचा दे तो वह इंसानियत का सबसे उजला चेहरा होता है. मऊगंज पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत ऐसा ही एक दमदार और दिल जीत लेने वाला अभियान चलाकर 25 परिवारों की जिंदगी में फिर से खुशियों की चिंगारी जला दी. जमीनी स्तर पर लगातार सक्रिय टीमों के समन्वय से पुलिस ने 02 बालक और 23 बालिकाओं सहित कुल 25 गुमशुदा नाबालिगों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया. यह सिर्फ एक सफलता नहीं, बल्कि 25 टूटे दिलों को फिर से जोड़ने की कहानी है.
अलग-अलग राज्यों किया रेस्क्यू
मऊगंज पुलिस 25 मासूमों को अलग-अलग राज्यों से उनके घर वापस पहुंचाया. थाना मऊगंज ने 07 बच्चों को खोज निकाला है, जबकि थाना नईगढ़ी ने 08 बालिकाओं को सुरक्षित घर पहुंचाया. हनुमना, लौर और शाहपुर पुलिस की मुस्तैद टीमों ने भी मिशन को अंजाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. मऊगंज पुलिस ने इस ऑपरेशन को सिर्फ स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखा, बल्कि महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, तेलंगाना, बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में जाकर बच्चों को खोज निकाला. जटिल परिस्थितियों, पुराने लंबित मामलों और अंतर्राज्यीय चुनौतियों के बावजूद यह सफलता पुलिस के जज्बे और रणनीति की ताकत को दर्शाती है.
जागरूकता अभियान में सुरक्षा का मजबूत संदेश
अभियान के दौरान बच्चों और उनके परिजनों को गुड टच-बैड टच, महिला सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई. इससे समाज में सुरक्षा के प्रति विश्वास और सतर्कता दोनों मजबूत हुए हैं.
पुलिस का स्पष्ट संदेश
मऊगंज पुलिस का शख्त संदेश प्रत्येक गुमशुदा बच्चे की सुरक्षित वापसी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. यह सफलता हमारी टीम के समर्पण, सतत प्रयास और मानवीय संवेदना का परिणाम है. मऊगंज पुलिस का यह अभियान सिर्फ एक ऑपरेशन नहीं, बल्कि भरोसे, संवेदना और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल है, जिसने 25 घरों में फिर से मुस्कान और सुकून लौटा दिया.