MP Weather Update: अप्रैल-मई में तपेगा एमपी, 15 से 20 दिनों तक चलेगी लू, मार्च में गर्मी के साथ बारिश के आसार
मौसम
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में इस बार तेज गर्मी का असर अप्रैल और मई में ज्यादा देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इन दो महीनों में 15 से 20 दिन तक लू चल सकती है. हालांकि मार्च में लू चलने की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है, लेकिन महीने की शुरुआत में तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है. पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम की सक्रियता के कारण भोपाल, इंदौर और ग्वालियर-चंबल अंचल में हल्की बारिश होने के संकेत भी हैं.
मार्च से गर्मी के मौसम की शुरुआत
मौसम विभाग के मुताबिक 1 मार्च से गर्मी के मौसम की औपचारिक शुरुआत मानी जा रही है. इस महीने कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री या उससे अधिक रहने का अनुमान है. मार्च के दौरान कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है, जिसे लेकर मौसम केंद्र ने पूर्वानुमान जारी किया है.
इन जिलों में ज्यादा रहेगा असर
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार मार्च में गर्मी सामान्य स्तर पर रहेगी, लेकिन भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में तापमान का असर साफ दिखाई देगा. नीमच, मंदसौर, विदिशा, सागर, सीधी और सिंगरौली जिलों में भी पारा अपेक्षाकृत ऊंचा रह सकता है. अन्य जिलों में तापमान सामान्य रहने की संभावना है. विभाग का कहना है कि इस समय हीट वेव की स्थिति बनने के संकेत नहीं हैं, जबकि कुछ इलाकों में बारिश की संभावना बनी हुई है.
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
मौसम विभाग ने बताया कि 4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है और 6 मार्च के आसपास एक अन्य सिस्टम भी प्रभावी हो सकता है. इन मौसम प्रणालियों के असर से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है. साथ ही, अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया गया है.
मार्च में बदलता रहता है मौसम
पिछले एक दशक के आंकड़ों पर नजर डालें तो मार्च में प्रदेश में मिला-जुला मौसम देखने को मिलता रहा है. दिन में गर्मी और रात में ठंडक के साथ कभी-कभी बारिश भी. इस बार भी कुछ ऐसा ही रुख रहने की संभावना है. भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि रात में पारा 10 से 17 डिग्री के बीच रह सकता है. ग्वालियर में मौसम में सबसे ज्यादा उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है, जहां रात का तापमान कभी-कभी 8 डिग्री तक दर्ज किया गया है. जबलपुर में भी दिन गर्म और रात अपेक्षाकृत ठंडी रहने का अनुमान है.
अप्रैल-मई में बढ़ेगी तपिश
विभाग का आकलन है कि अप्रैल और मई सबसे अधिक गर्म रहेंगे. इन महीनों में ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी तेज गर्मी पड़ने की संभावना है.
फरवरी में चार बार बदला मौसम
इससे पहले फरवरी महीने में मौसम ने चार बार करवट ली थी. शुरुआती दिनों में ओलावृष्टि, बारिश और आंधी से फसलों को नुकसान पहुंचा था, जिसके बाद प्रभावित इलाकों में सर्वे कराया गया. 18 फरवरी से शुरू हुआ तीसरा दौर 19 से 21 फरवरी तक जारी रहा, जबकि 23 और 24 फरवरी को चौथी बार ओले और बारिश ने असर दिखाया. मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बाद अब प्रदेश में धीरे-धीरे गर्मी का प्रभाव बढ़ने लगा है.
ये भी पढे़ं- MP के क्लर्क और क्लास फोर्थ के कर्मचारियों से मांगी गई सालभर के कामकाज की रिपोर्ट, GAD ने ACS और PS को लिखा पत्र