Vistaar NEWS

MP में गर्मी का रौद्र रूप! सभी जिलों में हीट वेव, 7 में रेड अलर्ट; अगले 4 दिन रहेंगे और भारी

Severe heat wave continues in MP.

MP में भीषण गर्मी का दौर जारी.

MP Weather: मध्य प्रदेश में गर्मी ने रौद्र रूप ले लिया. प्रदेश के लगभग सभी जिलों में भीषण गर्मी और हीट वेव देखने को मिल रही है. खजुराहो 47.4 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. मई में खजुराहो तीन दशकों में पहली बार इतना गर्म रहा है. राजधानी भोपाल में गर्मी के कारण सड़कें और बाजार सूने दिखे. भोपाल में पारा 42.6 डिग्री था, लेकिन दिन में एहसास 45 डिग्री का था. गर्मी के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है.

इन 7 जिलों में लू का रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के 7 जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया है. इनमें भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिले शामिल हैं. नौगांव प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया. यहां पारा 46.6 डिग्री रहा. प्रदेश के 6 जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा. मध्य प्रदेश में दमोह मे 46, मंडला में 45.6 डिग्री, सतना में 45.3 डिग्री, मुरैना में 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

MP के 5 बड़े शहरों का तापमान

डिहाइड्रेशन के मरीज बढ़े

भीषण गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. राजधानी भोपाल के अस्पतालों में हीट वेव की चपेट में आए हर वर्ग के मरीज दिखाई दिए. एक्सपर्ट्स ने खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी है.

दोपहर के समय राजधानी की सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया. न्यू मार्केट जैसे बाजारों में लोगों की आवाजाही ना के बराबर थी. भोपाल में पिछले कुछ सालों में कई विकास कार्य चल रहे हैं. जिसके कारण यहां गर्मी में बढ़ोतरी देखी गई है. 42 डिग्री के तापमान में भी लोगों को दिन में 45 डिग्री से ज्यादा की तपन महसूस हो रही है.

अगले चार दिन आसमान से बरसेगी आग!

मौसम विभाग की मानें तो अगले 4 दिन और भीषण गर्मी देखने को मिलेगी. इनमें ग्वालियर-चंबल-सागर संभाग में सबसे ज्यादा प्रभाव दिखेगा. आसमान से आग बरसने जैसी स्थिति होगी. नौतपा जैसे दिनों की गर्मी जैसे हालात होंगे. डॉक्टर्स का कहना है कि जब तक कोई खास काम ना हो घर से बाहर ना निकलें.

ये भी पढे़ं: Morena News: विकलांग बेटे को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे माता-पिता, रोते-बिलखते प्रशासन से लगाई मदद की गुहार

Exit mobile version