Morena News: विकलांग बेटे को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे माता-पिता, रोते-बिलखते प्रशासन से लगाई मदद की गुहार
रोते-बिलखते माता-पिता
Morena News/मनोज शर्मा: मुरैना कलेक्ट्रेट में मंगलवार को उस समय भावुक माहौल बन गया, जब एक बेबस माता-पिता अपने विकलांग बेटे को लेकर मदद की आस में कलेक्ट्रेट पहुंचे. आंखों में आंसू और चेहरे पर दर्द लिए पिता ने प्रशासन से बेटे को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके और बेटे का इलाज ठीक तरह से कराया जा सके.
दोपहर करीब 1 बजे पहुंचे कलेक्ट्रेट
जानकारी के अनुसार मुरैना निवासी विनोद राठौर अपनी पत्नी और बेटे सोनू राठौर को लेकर दोपहर करीब 1 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे. यहां उन्होंने अधिकारियों के सामने अपनी पीड़ा बयान करते हुए बताया कि उनका बेटा लंबे समय से गंभीर बीमारी और विकलांगता से जूझ रहा है.
इलाज में अब तक लाखों रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन हालत में कोई खास सुधार नहीं हुआ. परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है और अब घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है.
रोते हुए पिता विनोद राठौर ने बताया कि उनके बेटे को अभी तक न तो विकलांग पेंशन मिल रही है और न ही किसी सरकारी योजना का लाभ मिला है.
प्रशासन से मांग
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बेटे को ई-रिक्शा या रोजगार से जुड़ी किसी योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि वह आत्मनिर्भर बन सके और परिवार को सहारा मिल सके. माता-पिता की दर्दभरी फरियाद सुनकर कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोग भी भावुक हो गए. अब देखना होगा कि प्रशासन इस गरीब और बेबस परिवार की पुकार पर कब तक कार्रवाई करता है, या फिर यह परिवार अपने विकलांग बेटे को लेकर यूं ही सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर रहेगा.
ये भी पढ़ें: ‘पैसे के लिए बेटी को प्रताड़ित किया गया…समर्थ गालियां देता था’, ट्विशा शर्मा के माता-पिता की अपील न्याय मिले