MP Weather Today: एमपी में मौसम का डबल असर, कहीं ओले-बारिश तो कहीं 40 डिग्री पार गर्मी, IMD ने जारी किया 3 अप्रैल तक अलर्ट
मौसम समाचार
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मार्च के आखिरी दिनों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. प्रदेश में एक मजबूत सिस्टम सक्रिय होने के कारण कई इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, जबकि कुछ जगहों पर गर्मी का असर भी बना रहा. सोमवार को करीब 8 जिलों में ओले गिरे और 20 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई. वहीं, नर्मदापुरम और खजुराहो जैसे शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे मौसम का दोहरा रूप साफ नजर आया.
मंगलवार को भी बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग के भोपाल केंद्र के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश में मिला-जुला मौसम बना रहेगा. ग्वालियर सहित करीब 16 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि टर्फ लाइन और साइक्लोनिक सर्कुलेशन की सक्रियता के चलते यह बदलाव हो रहा है, और 3 अप्रैल तक ऐसे दो सिस्टम प्रभावी रहेंगे.
कई जिलों में ओले और बारिश का असर
सोमवार को उज्जैन, नीमच, मंदसौर, बैतूल, धार और सीहोर जैसे जिलों में ओलावृष्टि हुई, जबकि भोपाल समेत कई शहरों में बारिश और तेज हवा का असर देखने को मिला. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बादल, बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहा, जिससे मौसम पूरी तरह अस्थिर बना हुआ है.
31 मार्च से 3 अप्रैल तक अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 31 मार्च से 3 अप्रैल तक कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. 31 मार्च को ग्वालियर, भिंड, मुरैना, शिवपुरी, छतरपुर, पन्ना, सतना और बालाघाट समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है. इसके बाद 1 अप्रैल को दक्षिण और पूर्वी जिलों में, 2 अप्रैल को मालवा-निमाड़ और आसपास के इलाकों में, जबकि 3 अप्रैल को भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का असर रहने की संभावना है.
मौसम बदलने की वजह क्या है?
मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी को माना जा रहा है. इसके कारण पूरे प्रदेश में तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है. वहीं, 2 अप्रैल को एक नया सिस्टम और सक्रिय होने की संभावना है, जो उत्तर-पश्चिम भारत में असर दिखाएगा और इसका प्रभाव मध्य प्रदेश पर भी पड़ेगा.
बारिश से पहले तेज गर्मी का असर
बारिश और आंधी से पहले प्रदेश में तेज गर्मी भी देखने को मिली. खजुराहो में तापमान 40.4 डिग्री और नर्मदापुरम में 40.2 डिग्री दर्ज किया गया. इसके अलावा मंडला, रतलाम, उमरिया, खंडवा, सतना और रीवा जैसे कई जिलों में तापमान 39 डिग्री के आसपास रहा. बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 39.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन में भी तापमान सामान्य से ज्यादा बना रहा.
ये भी पढे़ं- Bhopal में मेट्रो अंडरग्राउंड दौड़ेगी, 3.39 किमी में दो स्टेशन बनाने के लिए खुदाई शुरू; जानिए कौन सा होगा रूट