आग बरसा रहा आसमान! MP में नौतपा की शुरुआत, खजुराहो-नौगांव फिर सबसे गर्म; 44 जिलों में हीट वेव का अलर्ट

पिछले 10 सालों में नौतपा के दिनों में मध्य प्रदेश का तापमान औसत 43 डिग्री के आसपास रहा है. अगर पिछले साल की बात करें तो 2025 में नौतपा में औसत तापमान 37.5 डिग्री रहा था. हालांकि इस बार मई में नौतपा से पहले ही पारा 46 डिग्री के पास पहुंच चुका है.
File Photo

File Photo

MP Heatwave Warning Issued: मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का अलर्ट जारी है. आज यानी 25 मई से नौतपा की शुरुआत हो रही है. हालांकि नौतपा से पहले ही प्रदेश का तापमान 45 डिग्री पार कर चुका है. रविवार को एक बार फिर खजुराहो और नौगांव प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा. यहां तापमान 46 डिग्री के पास पहुंच गया है. हीट वेव के कारण बालाघाट में एक दर्जन चमगादड़ों की मौत हो गई. खंडवा में भीषण गर्मी के कारण कलेक्टर कार्यालय के सामने पार्क में कचरे से आग की लपटें उठने लगीं. आग से पार्क के पेड़-पौधे भी जल गए और आग की जद में एक पंक्चर की दुकान भी आ गई. सोमवार को मध्य प्रदेश के 44 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है.

12 जिलों में तामपान 44 डिग्री के पार

रविवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में भीषण गर्मी का दौर जारी रहा. प्रदेश के 12 जिलों में तापमान 44 डिग्री की पार निकल गया. नौगांव- खजुराहो में 45.8 डिग्री सेल्सियस, दतिया में 45 डिग्री, टीकमगढ़- शाजापुर में 44.8 डिग्री, दमोह-सागर-सतना में 44.2 डिग्री सेल्सियस तामपान रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा गुना, मुरैना, राजगढ़, श्योपुर में तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया.

MP के 5 बड़े शहरों का तापमान

  • ग्वालियर 44.1 डिग्री
  • जबलपुर 43.3 डिग्री
  • भोपाल 42.7 डिग्री
  • उज्जैन 41.5 डिग्री
  • इंदौर 40.9 डिग्री

5 दिनों बाद मिल सकती है राहत

मौसम विभाग के मुताबिक आज से नौतपा की शुरुआत हो गई है. नौतपा की अवधि 25 मई से 2 जून के बीच मानी जा रही है. इस दौरान लोगों को भीषण गर्मी के साथ लू के थपेड़ों को झेलना पड़ सकता है. हालांकि प्रदेश का तापमान पहले से ही 46 डिग्री के पास पहुंचा हुआ है. लेकिन मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 5 दिन बाद प्री मानसून को देखते हुए कई इलाकों में आंधी के साथ हल्की बारिश देखी जा सकती है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. रविवार को बुरहानपुर में तेज आंधी-तूफान देखा गया. इसके कारण केले की खेती करने वाले किसानों को भारी नुकसान हुआ है. आंधी-तूफान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. किसानों ने फसल के नुकसान के लिए सरकार से सहायता करने की मांग की है.

2025 में नौतपा के दिनों में औसत तापमान 37.5 °C था

बता दें पिछले 10 सालों में नौतपा के दिनों में मध्य प्रदेश का तापमान औसत 43 डिग्री के आसपास रहा है. अगर पिछले साल की बात करें तो 2025 में नौतपा में औसत तापमान 37.5 डिग्री रहा था. हालांकि इस बार मई में नौतपा से पहले ही पारा 46 डिग्री के पास पहुंच चुका है.

बता दें मौसम विभाग के मुताबिक इस बार देश में मानसून सामान्य दिनों से पहले पहुंचेगा. अनुमान के मुताबिक 26 मई को मानसून केरल में दस्तक देगा, इसके बाद देशभर में पहुंचेगा. मध्य प्रदेश में 12 जून तक मानसून के पुहंचने की संभावना है, हालांकि इसके पहले प्री मानसून का असर दिख सकता है. इसके कारण कई इलाकों में आंधी-तूफान के साथ ही हल्की बारिश देखने को मिलेगी.

नौतपा के शुरुआती 5 दिनों में घर से बाहर ना जाने की सलाह

मध्य प्रदेश में नौतपा से पहले ही तापमान 46 डिग्री के पास पहुंच चुका है. आज से नौतपा की शुरुआत हो रही है, ऐसे में तापमान में और बढ़ोतरी देखी जा सकती है. डॉक्टर्स की सलाह है कि दिन के समय बाहर ना निकलें. खासतौर से दोपहर 12 से 3 बजे के बीच लू के थपेड़े बीमारी का सबब बन सकते हैं. पिछले कुछ दिनों से अस्पातलों में हीट स्ट्रोट के मरीजों की संख्या बढ़ी है.

ये भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा केस में आज SC में सुनवाई, गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत पर हाई कोर्ट में भी हियरिंग

ज़रूर पढ़ें