ट्विशा शर्मा केस में आज SC में सुनवाई, गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत पर हाई कोर्ट में भी हियरिंग
ट्विशा की मौत के मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई.
Twisha Sharma Case: भोपाल में पूर्व जज गिरिबाला सिंह की बहू और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत अब राष्ट्रीय मुद्दा बन गया है. मामले में आज सुप्रीम कोर्ट को सुनवाई करेगा. इसके पहले सीजेआई सूर्यकांत ने शनिवार को ट्विशा शर्मा मौत के मामले में स्वत: संज्ञान लिया था. इसके साथ ही आरोपी गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत को लेकर भी मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में आज सुनवाई होनी है. इसके पहले रविवार को 12 दिनों बाद ट्विशा के परिवार ने भोपाल में शव का अंतिम संस्कार किया. ट्विशा का परिवार शव की दोबारा पोस्टमार्टम करने की मांग कर रहा था. जिसके बाद हाई कोर्ट के आदेश पर दिल्ली एम्स से आई टीम ने भोपाल आकर रविवार को शव का पोस्टमार्टम किया.
गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में गिरिबाला सिंह कि अग्रिम याचिका के खिलाफ सुनवाई होगी. ये याचिका ट्विशा शर्मा के परिजनों की तरफ से लगाई गई है. परिजनों का कहना है कि इस तरह केस में आरोपी को जमानत नहीं दी जा सकती है. गिरबाला सिंह ने अपनी पहचान और रसूख का फायदा लेते हुए कोर्ट से अग्रिम जमानत ले ली है.
बता दें ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का केस दर्ज किया गया था. समर्थ सिंह इस समय पुलिस की 7 दिनों की रिमांड पर है. जबकि गिरिबाला सिंह को कोर्ट ने अग्रिम जमानत दे दी थी. जिसका परिवार विरोध कर रहा है.
पुलिस, डॉक्टर की कार्यशैली पर सवाल
पूरे मामले में ट्विशा के परिवार ने पुलिस और पोस्टमार्टम करने वाली डॉक्टर्स की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. इसके अलावा परिवार ने कोर्ट के आरोपी गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत देने के फैसले को भी हाई कोर्ट में चुनौती दी है. ट्विशा के परिवार का कहना है कि गिरिबाला सिंह जज रह चुकी हैं और समर्थ भी वकील है. ऐसे में दोनों के प्रभाव में आकर पुलिस ने सही से कार्रवाई नहीं की है. जांच को प्रभावित किया गया है. एफआईआर दर्ज होने वाले दिन ही गिरिबाला सिंह ने अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई और कोर्ट ने 24 घंटे के अंदर ही जमानत दे दी. ट्विशा के परिवार वालों का आरोप है कि कोर्ट ने मामले में काफी जल्दबाजी की है.
ट्विशा के परिवार का आरोप है कि गिरिबाला सिंह ने सबूतों से छेड़छाड़ की है. इसके अलावा पुलिस का भी कहना है कि गिरिबाला सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रही हैं. जिसके बाद हाई कोर्ट ने गिरिबाला सिंह को नोटिस दिया है.
समर्थ सिंह की पुलिस रिमांड का आज दूसरा दिन
ट्विशा केस में मुख्य आरोपी समर्थ सिंह की पुलिस रिमांड का आज दूसरा दिन है. इसके पहले शनिवार को पुलिस ने समर्थ को जबलपुर हाई कोर्ट से गिरफ्तार किया था. बताया जा रहा है कि समर्थ सिंह जबलपुर हाई कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन भोपाल पुलिस ने जबलपुर पुलिस के साथ मिलकर समर्श सिंह को कोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया था. इसके बाद पुलिस शनिवार रात दो बजे समर्थ को श्यामला हिल्स थाने लाई थी. जिसके बाद समर्थ को पेशी के बाद कोर्ट ने 7 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया था.
इसके पहले पुलिस ने समर्थ 10 दिनों तक फरार रहा था. पुलिस ने समर्थ पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था. ट्विशा के परिजनों ने समर्थ के 10 दिनों तक फरार रहने पर भी सवाल उठाए हैं. परिजनों का कहना है कि पुलिस 10 दिनों तक आखिर समर्थ का पता लगाने में कामयाब क्यों नहीं हुई.