MP News: पीएम मोदी आज करेंगे विद्यार्थियों से ‘परीक्षा पे चर्चा’ एमपी के सभी स्कूलों में होगा सीधा प्रसारण
पीएम मोदी परीक्षा पे चर्चा
MP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 6 फरवरी को ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के जरिए देशभर के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे. इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का आयोजन नई दिल्ली में सुबह 10 बजे से होगा, जिसका सीधा प्रसारण मध्य प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में किया जाएगा.
भोपाल में आयोजित होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
राज्य स्तरीय कार्यक्रम राजधानी भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित होगा, जहां विद्यार्थी, अभिभावक, वरिष्ठ अधिकारी और विशिष्ट जन लाइव प्रसारण के साथ कार्यक्रम में भाग लेंगे. वहीं, स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह नरसिंहपुर जिले के चावरपाठा विकासखंड स्थित ग्राम तेंदूखेड़ा के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों के साथ इस संवाद में शामिल होंगे.
प्रधानमंत्री करेंगे विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान
‘परीक्षा पे चर्चा’ के दौरान प्रधानमंत्री विद्यार्थियों की परीक्षा से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे और उन्हें तनावमुक्त होकर सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित करेंगे. वर्ष 2018 में शुरू हुए इस कार्यक्रम का यह नौवां संस्करण है.
कार्यक्रम के शामिल होने के लिए हुआ ऑनलाइन पंजीयन
प्रदेश में कार्यक्रम में भागीदारी के लिए 1 दिसंबर से 11 जनवरी तक ऑनलाइन पंजीयन कराया गया था. इस दौरान मध्यप्रदेश से कक्षा 6 से 12 तक के 22 लाख 95 हजार से अधिक विद्यार्थी, 1 लाख 28 हजार से ज्यादा शिक्षक और 17 हजार से अधिक अभिभावकों सहित कुल 24 लाख 41 हजार 390 लोगों ने पंजीयन कराया.
प्रदेश के सभी शिक्षा संस्थाओं में होगा कार्यक्रम
स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार प्रदेश के सभी विद्यालयों, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. विद्यार्थियों के लिए टीवी के साथ-साथ कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इंटरनेट उपकरणों के माध्यम से भी सीधा प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई है. कार्यक्रम को लेकर सभी कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं.