MP News: प्रसून जोशी और संजय लीला भंसाली को मिलेगा राष्ट्रीय किशोर सम्मान, लता मंगेशकर समेत 8 सम्मानों की हुई घोषणा
प्रसून जोशी और संजय लीला भंसाली को मिलेगा राष्ट्रीय किशोर सम्मान
MP News: मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग ने गुरुवार को वर्ष 2024-25 के अपने 8 राष्ट्रीय सम्मानों की घोषणा की है. संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव ने बताया है कि साल 2024 का राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान गीत लेखन के लिये प्रसून जोशी और निर्देशन के लिये संजय लीला भंसाली को प्रदान किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि साल 2024 का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान म्यूजिक कंपोजिशन के लिए शंकर-एहसान-लॉय और वर्ष 2025 का सिंगिंग के लिए सोनू निगम दिया जाएगा. साल 2024 का राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान आनंदधाम, भोपाल और वर्ष 2025 का सम्मान पुनरुत्थान समरसता गुरुकुलम, पुणे को प्रदान किया जाएगा.
इन 8 सम्मानों की हुई घोषणा
राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान, राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान, राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान, राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान, राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान, राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान, राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान और राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान की घोषणा की गई है.
कब सम्मानित किया जाएगा?
राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान 28 सितंबर, 2025 को इंदौर में; राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान 13 अक्टूबर, 2025 को खंडवा में; राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान 2 अक्टूबर, 2025 को भोपाल में और राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान, राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान, राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान, राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान एवं राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान हिंदी दिवस के अवसर पर 14 सितंबर 2025 को भोपाल में आयोजित समारोह में प्रदान किए जाएंगे. राष्ट्रीय महात्मा गांधी सम्मान में सम्मान स्वरूप 20 लाख एवं अन्य सम्मानों में 5 लाख की राशि प्रदाय की जाएगी.
लोकेंद्र सिंह राजपूत को मिलेगा सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान
संस्कृति विभाग के संचालक ने बताया कि वर्ष 2024 का राष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी सम्मान प्रशांत पोळ, जबलपुर एवं वर्ष 2025 का सम्मान लोकेन्द्र सिंह राजपूत, भोपाल को प्रदान किया जाएगा. यह सम्मान हर साल हिंदी सॉफ्टवेयर सर्च इंजन, वेब डिजाइनिंग, डिजिटल भाषा प्रयोगशाला, प्रोग्रामिंग, सोशल मीडिया, डिजीटल ऑडियो-विजुअल एडिटिंग आदि में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है.
ये भी पढ़ें: जबलपुर में ब्रेन डेड युवक के अंगों से 3 लोगों को मिला जीवनदान, हॉस्पिटल से एयरपोर्ट तक बनाया गया ग्रीन कॉरिडोर
इन्हें भी किया जाएगा सम्मानित
इसी तरह साल 2024 का राष्ट्रीय निर्मल वर्मा सम्मान रीता कौशल, ऑस्ट्रेलिया एवं वर्ष 2025 का सम्मान डॉ. वंदना मुकेश, इंग्लैण्ड को प्रदान किया जाएगा. यह सम्मान हर साल अप्रवासी भारतीय के विदेश में हिंदी के विकास में किये गये अमूल्य योगदान के लिए दिया जाता है. साल 2024 का राष्ट्रीय फादर कामिल बुल्के सम्मान डॉ. इंदिरा गाजिएवा, रूस को एवं वर्ष 2025 का सम्मान पद्मा जोसेफिन वीरसिंघे, श्रीलंका को दिया जाएगा. यह सम्मान प्रतिवर्ष विदेशी मूल के उन व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने हिंदी भाषा एवं उसकी बोलियों के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया हो.
साल 2024 का राष्ट्रीय गुणाकर मुले सम्मान डॉ. राधेश्याम नापित, शहडोल को एवं वर्ष 2025 का डॉ. सदानंद दामोदर सप्रे, भोपाल को प्रदान किया जाएगा. यह सम्मान प्रतिवर्ष हिंदी में वैज्ञानिक, तकनीकी लेखन एवं पाठ्य पुस्तकों के लिए लेखन क्षेत्र में कार्य करने वाले व्यक्ति को दिया जाता है. वर्ष-2024 का राष्ट्रीय हिंदी सेवा सम्मान डॉ. के.सी. अजय कुमार, तिरूअनंतपुरम को एवं वर्ष 2025 का डॉ. विनोद बब्बर दिया जाएगा. यह सम्मान प्रतिवर्ष अहिंदी भाषी लेखकों और साहित्यकारों को लेखन सृजन से हिंदी की समृद्धि के लिए योगदान के लिए दिया जाता है.