Rewa: ‘नमस्ते-सलाम साहब…’ कहकर पहले पहचान, फिर शादी का न्योता देकर बना रहे ठगी का शिकार, ‘नमस्ते गैंग’ से रहें सावधान
रीवा समाचार
Rewa News: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में इन दिनों नमस्ते गैंग सक्रिय है, जो अलग अंदाज में लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. यह गिरोह बहुत ही अलग अंदाज से लूट की वारदात को अंजाम देते हैं. पहले आदर-सम्मान के साथ लोगों को नमस्ते करते हैं, साहब सलाम करते हैं फिर अपनापन दिखाकर उनके पैसे ठगकर फरार हो जाते हैं. इस गिरोह ने रीवा जिले के बैकुंठपुर में कई लोगों को अपने झांसे में लिया. हाल ही में एक व्यक्ति को साहब सलाम कर उससे शादी का न्योता देकर अपने झांसे में लिया, फिर उसके 50 हजार रुपए लेकर फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए गिरोह की तलाश शुरु कर दी है.
रीवा में ‘नमस्ते गैंग’ सक्रिय
रीवा जिले में इन दिनों एक शातिर गिरोह सक्रिय है, जिसे ‘नमस्ते गैंग’ कहा जा रहा है. यह गिरोह राह चलते लोगों को बड़े ही आदर-सम्मान के साथ अपनापन दिखाता है फिर मौका पाकर उनकी गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर देता है. इस गिरोह ने बैकुंठपुर थाना क्षेत्र में फिल्मी स्टाइल में एक व्यक्ति को 50 हजार रुपए का चूना लगा दिया.
कैसे हुआ खुलासा?
हाल ही में ग्राम हटवा निवासी भागवत सिंह घर निर्माण की सामग्री लेने के लिए 50 हजार रुपए लेकर बाजार निकले थे. बैकुंठपुर के क्योटी रोड पर कार सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोका और बड़े ही अदब से नमस्ते किया. बदमाशों ने उन्हें झांसा दिया कि उनके घर में शादी है और उन्हें सपरिवार आना है.
इसी बातचीत के दौरान बदमाशों ने उन्हें आगे तक छोड़ने के लिए लिफ्ट का ऑफर दिया. पीड़ित व्यक्ति उनके झांसे में आ गए और अपने जान-पहचान वाला समझकर उनके साथ कार में बैठ गया. इसी दौरान बदमाशों ने उनके जेब में रखे 50 हजार रुपए निकाल लिए और उन्हें गाड़ी से आगे उतार दिया.
जांच में जुटी पुलिस
जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई कि उनकी जेब से पैसे निकल गए तब तक बदमाश रफूचक्कर हो चुके थे. पीड़ित ने इस मामले की शिकायत बैकुंठपुर थाने में दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस अब बदमाशों की तलाश कर रही है.
यह कोई पहला मामला नहीं है. कई बार ठगी की ऐसी वारदातें सामने आ चुकी है. वहीं, कई बार लूट की रकम कम होने की वजह से लोग इसकी शिकायत भी नहीं करते. थाना प्रभारी ने कहा की ऐसी गैंग की खोज पुलिस लगातार कर रही है क्योंकि एक हफ्ते में यह क्षेत्र में तीसरी बड़ी घटना है, जहां आदर-सम्मान के साथ बातचीत की शुरुआत करने के बाद लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं.