CM Mohan Yadav Bhoomi Pujan: मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध देवी मंदिरों में से एक देवी शारदा का मंदिर है. यहां भव्य और दिव्य मां शारदा लोक बनने जा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार (19 अगस्त) को मैहर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए और मां शारदा लोक का भूमिपूजन किया. यह लोक लगभग 775 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार होगा. इससे पहले सीएम ने मां शारदा देवी के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की.
तीन चरणों में तैयार होगा मां शारदा लोक
मां शारदा लोक का निर्माण तीन चरणों में पूरा होगा. इस लोक का निर्माण तीन जोन में किया जाएगा. पहले जोन के लिए 59 करोड़, दूसरे जोन के लिए 242 करोड़ और तीसरे जोन के लिए 318 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मैहर स्थित प्रसिद्ध माँ शारदा देवी मंदिर में दर्शन एवं विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि व कल्याण की मंगलकामना की।@DrMohanYadav51 #CMMadhyaPradesh #Maihar pic.twitter.com/2Vpydkzr4q
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) August 19, 2026
पहला जोन: इसके अंतर्गत मां शारदा देवी मंदिर और त्रिकूट पर्वत पर विकासात्मक और सौदंर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे. इसके साथ ही सीढ़ी, रोपवे एवं परिक्रमा मार्ग का विकास किया जाएगा. आल्हा-उदल अखाड़ा और दूल्हा देव मंदिर भी शामिल हैं. पहाड़ी रास्ते पर व्यूइंग प्वॉइंट बनाए जाएंगे. अधिकारियों का कहना है कि इन सारे कार्यों के दौरान त्रिकूट पर्वत के वास्तविक और प्राकृतिक रूप से छेड़छाड़ नहीं की जाएगी.
दूसरा जोन: इसे मां शारदा लोक का मुख्य आकर्षण कहा जा रहा है. इसे मां सरस्वती के वाद्ययंत्र वीणा के स्वरूप में विकसित किया जाएगा. इसमें आकर्षक मयूर, हंसवाहिनी और कमल द्वार बनाए जाएंगे. जानकारी के मुताबिक इस पूरे जोन में मां के अलग-अलग स्वरूपों की प्रतिमा स्थापित की जाएगी.
तीसरा जोन: इसमें प्रवेश जोन तैयार किया जाएगा. इसके साथ ही वाहनों के लिए रास्ता, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, ग्रीन एरिया, योग पार्क, धर्मशाला, समारोह और आयोजनों के लिए ओपन एरिया क्षेत्र घोषित किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: मैहर से दर्शन करके लौट रहा था परिवार, मिर्जापुर में ट्रक ने बोलेरो को मारी टक्कर, हादसे में 11 लोगों की मौत
श्रद्धालुओं की संख्या में होगा इजाफा
- हिंदू मान्यता के अनुसार कहा जाता है कि त्रिकूट पर्वत पर मां सती का हार गिरा था. इसके बाद शहर का नाम मैहर रखा गया और यहां मां शारदा स्वरूप में विराजमान हैं.
- चैत्र और शारदेय नवरात्रि में लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं.
- मां शारदा लोक के निर्माण के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है.
