Rewa News: रीवा के संजय गांधी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के दौरान सुंदर महिलाओं के शवों के साथ दुष्कर्म किए जाने के कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा के आरोपों को लेकर सियासी विवाद लगातार गहराता जा रहा है. रविवार को रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने विधायक के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए.
‘ऐसी बात वही कर सकता है, जो यौन विकृति से पीड़ित हो’
जनार्दन मिश्रा ने कहा कि अभय मिश्रा यौन विकृति से पीड़ित हैं और इसी वजह से इस तरह की बातें कर रहे हैं. उन्होंने कहा, “मैंने अपने पूरे जीवन में इस तरह की बात कभी नहीं सोची. पत्रकार भी इस विषय पर सवाल पूछते समय मर्यादा का ध्यान रखते हैं, क्योंकि यह विषय ही इतना गंदा है. ऐसी बात वही व्यक्ति कह सकता है, जो यौन विकृतियों से पीड़ित हो.”
भैयालाल शुक्ल को लेकर टिप्पणी पर भी पलटवार
सांसद ने डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के पिता स्वर्गीय भैयालाल शुक्ल को लेकर अभय मिश्रा की टिप्पणी पर भी जवाब दिया. उन्होंने कहा कि अगर भैयालाल शुक्ल कोई व्यवसाय करते थे तो वह ईमानदारी से किया गया व्यवसाय था.
अभय मिश्रा के पुराने जीवन को लेकर लगाए आरोप
जनार्दन मिश्रा ने अभय मिश्रा पर पलटवार करते हुए दावा किया कि उन्होंने अपना कारोबार चोरी और जेब काटने जैसे अपराधों से शुरू किया था. सांसद ने कहा, “स्टेपनी चोरी करके और स्टेट बैंक में पॉकेट मारकर अपना कारोबार शुरू किया था. अब यहां तक पहुंचने के बाद अशोभनीय बातें करते हैं.”
कोतवाली में तस्वीर लगे होने का भी दावा
सांसद ने आगे दावा किया कि रीवा कोतवाली में अपराधियों की तस्वीरें जिस तरह लगाई जाती थीं, उसी तरह लंबे समय तक अभय मिश्रा की तस्वीर भी वहां लगी रहती थी.
धरना-प्रदर्शन में विधायक ने लगाए थे गंभीर आरोप
दरअसल, मंगलवार को जयस्तंभ चौराहे पर कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के दौरान विधायक अभय मिश्रा ने संजय गांधी अस्पताल की पोस्टमॉर्टम व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने दावा किया था कि यदि किसी सुंदर महिला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल लाया जाता है, तो उसके साथ दुष्कर्म किया जाता है.
विधायक ने पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया में मृतकों के परिजनों से पैसे लिए जाने का आरोप भी लगाया था. उनके इसी बयान के बाद रीवा में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है.
ये भी पढे़ं- ‘सुंदर महिला की डेडबॉडी से रेप…’, कांग्रेस MLA अभय मिश्रा का संजय गांधी अस्पताल पर गंभीर आरोप
