पत्नी ने पति की हत्या कर सिलेंडर में छिपाया शव? रीवा पुलिस ने खोली Viral Video की पोल
पत्नी ने पति की हत्या कर सिलेंडर में छिपाने वाले वीडियो का पुलिस ने किया फैक्ट चेक
Police Expose Viral Video Truth: मध्य प्रदेश के रीवा जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. जिसमें बताया जा रहा है कि एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर उसके शव के कई टुकडे़ कर दिए और इसके बाद एलपीजी सिलेंडर को काटकर उसमें भर दिए. इस वीडियो के वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया. लेकिन जब पुलिस प्रशासन ने इसकी जांच की तो कुछ और ही निकला. जांच में पता चला कि यह वीडियो रीवा का नहीं, बल्कि फेक है.
सोशल मीडिया पर जो वीडियो रीवा का बताकर शेयर किया जा रहा था. दरअसल, वह वीडियो रीवा का नहीं है. इस सनसनीखेज वीडियो को पुलिस ने पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक बताया है. वायरल वीडियो में दावा किया गया था कि महिला ने अपने पति की कुल्हाड़ी से हत्या कर उसके शव के टुकड़े गैस सिलेंडर में भर दिए. इस वीडियो के सामने आने के बाद समाज में हड़कंप मच गया और लोग तरह-तरह की बातें करने लगे. लोगों में डर का माहौल निर्मित हो गया, लेकिन इसी बीच पुलिस ने इसका खुलासा कर दिया. जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली.
रीवा पुलिस ने क्या कहा?
वायरल वीडियो को लेकर रीवा सीएसपी राजीव पाठक ने बताया कि सोशल मीडिया पर जिस वीडियो को रीवा का बताकर शेयर किया जा रहा है. वह पूरी तरह से फर्जी है. पुलिस की जानकारी ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और न ही इस वीडियो का रीवा से कोई संबंध है.
ये भी पढ़ेंः होटल में दूसरी युवती के साथ पकड़ा, रीवा में पत्नी ने पति की पिटाई की; कहा- सिम बदलकर लड़कियों से बात करता है
पुलिस ने लोगों से की अपील
रीवा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि के सोशल मीडिया पर कोई भी वीडियो शेयर नहीं करें. इससे लोगों के अंदर डर का माहौल निर्मित हो जाता है. रीवा पुलिस के अनुसार, इंटरनेट या सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के ऐसी भ्रामक सामग्री साझा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ऐसे अकाउंट्स पर निगरानी रखेगी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेगी.