पहले 495 बंडल किताबें चोरी फिर जांच के दौरान लगी आग, संदेह के घेरे में रीवा का पाठ्य पुस्तक निगम
रीवा में पाठ्य पुस्तक निगम के गोदाम में लगी आग
Warehouse Fire During Theft Probe: रीवा के पाठ्य पुस्तक निगम का गोदाम इन दिनों सुर्खियों में है, वजह है गोदाम के अंदर से दो ट्रक किताबों का गायब होना. पहले किताब गायब हो जाती है और जब इसकी जांच की जाती है, तो जांच के दौरान ही गोदाम में आग लगने की घटना सामने आती है. हालांकि, संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग की वजह को शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. फिलहाल, इस घटना के बाद रीवा का पाठ्य पुस्तक निगम संदेह के घेर में आ गया है.
बता दें, रीवा में पाठ्य पुस्तक निगम के उसी गोदाम में आग लगी है, जहां से दो ट्रक यानी लगभग 495 बंडल किताबें गायब है. किताब चोरी की सूचना जब मुख्यालय में दी गई, तो भोपाल से तीन लोगों की टीम जांच के लिए रीवा पहुंची, लेकिन इस दौरान जिस गोदाम में किताब रखी गई थी. वहां आग लग गई.
आग लगने की सूचना पर मौके पर एसडीम अनुराग तिवारी सहित चोरहटा थाने के टीआई पवन शुक्ला पहुंचे. फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, इस घटना में ज्यादा नुकसान की संभावना नहीं है. अगर आग बुझाने में कुछ और टाइम लगाया जाता, तो बड़े नुकसान की संभावना थी.
बाजार में बेचने वाली किताबें गायब
दरअसल, रीवा के इस गोदाम में पाठ्यपुस्तक निगम के द्वारा छापी गई किताबें रखी जाती है, पाठ्य पुस्तक निगम दो तरीके की किताबें छापता है, एक सरकारी स्कूल में मुफ्त में बच्चों को पुस्तक देने के लिए, वहीं दूसरी ओर बाजार में पुस्तक बेचने के लिए. गायब हुई किताबें बाजार में बिकने वाली किताबें है. जिसकी जांच चल रही है और रीवा के चोरहटा थाने में इसकी एफ आई आर दर्ज है.
घटना को लेकर उठे सवाल
इस मामले की जांच पुलिस और प्रशासन के साथ ही पाठ्य पुस्तक निगम अलग से भी करवा रहा है. माना जा रहा है पाठ्य पुस्तक निगम के इस घोटाले में कई लोग शामिल हो सकते हैं. हालांकि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई गई है, लेकिन आग लगने की टाइमिंग तमाम तरीके के सवालों को जन्म भी दे रही है.
ये भी पढ़ेंः आधी रात में पंचायत की DSC सक्रिय, अगले ही दिन खाते से 6 लाख रुपये गायब, जानें पूरा मामला
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना
एसडीएम रीवा अनुराग तिवारी ने बताया कि 25 बंडल आग से प्रभावित हैं. यह चिंता का विषय है कि आग कैसे लगी. इस मामले को लेकर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी. वहीं, चक्रेश जैन गोदाम इंचार्ज पाठ्य पुस्तक निगम ने बताया कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है. जिन किताबों में आग लगी है, वह निःशुल्क सप्लाई होती है.