Mauganj: देवतालाब में ‘डायनामाइट’ से दहशत! शिव मंदिर के पास बस्ती में संदिग्ध विस्फोटक मिलने से हड़कंप, रीवा से पहुंची बम स्क्वॉड टीम

Mauganj News: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले की धार्मिक नगरी देवतालाब से शुक्रवार को एक ऐसी खबर सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी.
Explosive material near the temple

मंदिर के पास विस्‍फोटक सामग्री

Mauganj News: मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले की धार्मिक नगरी देवतालाब से शुक्रवार को एक ऐसी खबर सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी. प्रसिद्ध शिव मंदिर के पीछे स्थित बस्ती में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना से स्थानीय लोगों में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और रीवा से विशेष बम स्क्वॉड टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया.

मंदिर के पास रहने वाले व्यक्ति ने दी संदिग्ध सामग्री की सूचना

बताया जा रहा है कि मंदिर के पीछे रहने वाले संगम लाल साकेत ने पुलिस को सूचना दी कि उनके घर के पीछे संदिग्ध विस्फोटक जैसी सामग्री पड़ी हुई है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीओपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई. चूंकि घटनास्थल धार्मिक स्थल के बेहद करीब है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया.

रीवा से पहुंची बम स्क्वॉड की टीम

रीवा से पहुंची बम स्क्वॉड टीम ने विशेष सुरक्षा उपकरणों के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. टीम ने संदिग्ध सामग्री को अत्यधिक सावधानी के साथ अपने कब्जे में लिया और उसे वैज्ञानिक परीक्षण के लिए सुरक्षित रखा. अब इस सामग्री को फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा जाएगा, जहां यह स्पष्ट होगा कि बरामद वस्तु वास्तव में विस्फोटक है या नहीं तथा उसकी क्षमता और प्रकृति क्या है.

घटना के बाद इलाके में शुरू हुई चर्चाएं

घटना के बाद पूरे इलाके में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि यदि सामग्री वास्तव में विस्फोटक है, तो वह वहां तक कैसे पहुंची? क्या उसे किसी आपराधिक गतिविधि के लिए छिपाकर रखा गया था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है? इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच और वैज्ञानिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे.

पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शुरू की जांच

मऊगंज की एसडीओपी सच्ची पाठक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया, संदिग्ध सामग्री को सुरक्षित जब्त किया गया तथा मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और कुछ संदेहियों से पूछताछ भी की जा रही है.

घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है. एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद सामग्री किस प्रकार की थी और उसका उद्देश्य क्या हो सकता था. यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- Mauganj: इंस्टाग्राम पर प्यार, छिपी रही पत्नी और चार बच्चे, सच सामने आया तो टावर पर चढ़ गया पति, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

ज़रूर पढ़ें