MP News: 2062 करोड़ के फर्जी फॉरेक्स घोटाले में बड़ी कार्रवाई, STF ने 30 हजार के इनामी ऋषिकेश राय को नोएडा से दबोचा
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्यप्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बहुचर्चित फर्जी फॉरेक्स और क्रिप्टो निवेश घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए गैर-पंजीकृत कंपनियों YORKER FX, YORKER CAPITAL और BOTBRO से जुड़े मामले में फरार चल रहे RAINET TECHNOLOGY PVT. LTD. के डायरेक्टर ऋषिकेश राय को नोएडा (उत्तरप्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया है.
सहायक पुलिस महानिदेशक एसटीएफ डी श्रीनिवास वर्मा ने निर्देश दिए थे. निवेशकों से अनाधिकृत कंपनियों में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में थाना एसटीएफ भोपाल में अपराध क्रमांक 39/2024 पंजीबद्ध कर विशेष जांच दल (SIT) का गठन उप पुलिस अधीक्षक जगदीश सिंह सिद्धू के नेतृत्व में किया गया.
6-8 प्रतिशत मासिक रिटर्न का लालच
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी नवाब उर्फ लवीश चौधरी अपने एजेंटों के साथ मिलकर निवेशकों को अपंजीकृत कंपनियों YORKER CAPITAL, YORKER FX, YFX, QFX, BOTBRO में निवेश करने पर प्रतिमाह 6 से 8 प्रतिशत निश्चित रिटर्न देने का झूठा प्रलोभन देता था. निवेशकों से USDT (क्रिप्टोकरेंसी) के माध्यम से फॉरेक्स ट्रेडिंग और अन्य अविनियमित निवेश योजनाओं के नाम पर रकम ली जाती थी. यह राशि RAINET TECHNOLOGY PVT. LTD. के बैंक खातों में जमा कराई जाती थी.
2062 करोड़ से अधिक का लेनदेन
तकनीकी जांच में खुलासा हुआ है कि RAINET TECHNOLOGY PVT. LTD. के बैंक खातों में करीब 2062 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है, जिससे घोटाले के विशाल नेटवर्क का अंदाजा लगाया जा सकता है. अपराध दर्ज होने के बाद से ही डायरेक्टर ऋषिकेश राय फरार चल रहा था.
नोएडा से हुई गिरफ्तारी
STF को तकनीकी इनपुट मिला था कि आरोपी 10 फरवरी 2026 को नोएडा के सेक्टर-77 क्षेत्र में मौजूद है. इसके बाद टीम ने गोपनीय रेकी कर घेराबंदी की और हिकमत अमली से उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत पड़ताल जारी है.
16 आरोपी गिरफ्तार, UAE में मुख्य सरगना
अब तक की विवेचना में STF 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. मामले का मुख्य संचालक नवाब उर्फ लवीश चौधरी अभी फरार है. उसके विरुद्ध 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है. लुकआउट नोटिस के जरिए जानकारी मिली है कि वह वर्तमान में यूएई में रह रहा है. उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
‘ज्यादा रिटर्न के चक्कर में फर्जी कंपनियों में निवेश ना करें‘
जांच में यह भी सामने आया है कि YORKER FX और BOTBRO के नाम पर बड़ी संख्या में अन्य निवेशकों से भी ठगी की गई है. STF अब इस पूरे नेटवर्क की वित्तीय कड़ियों को खंगाल रही है और पीड़ितों की पहचान की जा रही है. STF ने आम नागरिकों से अपील की है कि बिना पंजीकरण और वैधानिक अनुमति वाली कंपनियों में ऊंचे रिटर्न के लालच में निवेश न करें और किसी भी संदिग्ध निवेश योजना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
ये भी पढे़ं: Bhopal News: भोपाल में 11वीं की छात्रा से चार गाड़ियों में रेप, दो आरोपी गिरफ्तार, जांच के लिए SIT गठित