‘7 राज्यों में फरारी, लंगरों में खाना…’, गर्लफ्रेंड्स की 1 कॉल बनी मुसीबत, सागर के मयंक हत्याकांड के सभी आरोपी गिरफ्तार
Sagar Mayank Sahu Muuder Case: सागर के बहुचर्चित मयंक साहू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है जिन्होंने हत्या के बाद आरोपी को फरार रहने में मदद पहुंचाई थी. पुलिस का दावा है कि आरोपी को पकड़ने के लिए कई दिनों तक लगातार छापेमारी और तकनीकी निगरानी की गई. इसके बाद सफलता मिली है.
मयंक साहू की हत्या 21 को सागर के बड़े बाजार में हुई थी. हत्या भी उसके पुराने दोस्तों ने ही की थी. इसके बाद से ही यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ था.
घटना के बाद आरोपी यश सोनी और मनु सोनी मौके से फरार हो गए थे, जिसके चलते पुलिस पर उन्हें जल्द पकड़ने का दबाव था. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुख्य आरोपी को उसके कुछ करीबी लोगों से मदद मिल रही है. यही वजह थी कि वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा.
गर्लफ्रेंडों की मदद से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर मुख्य आरोपी तक पहुंच बनाई. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका सामने आ सके. खास बात यह है कि आरोपियों ने हत्या को अंजाम देने के बाद 7 राज्यों में फरारी काटी है.
इस फरारी के दौरान उन्होंने कई मंदिरों में मिलने वाले लंगर का खाना खाया. पुलिस को पता चला कि आरोपी की गर्लफ्रेंड उससे मिलने आ रही है. इसके बाद ही पुलिस को सफलता मिल सकी. भले ही आरोपी उस समय बच गए. तकनीकी निगरानी के कारण पुलिस उनके करीब पहुंच चुकी थी.
मदद करने वालों की अब नहीं खैर
जांच में सामने आया कि आरोपी को छिपाने, उसकी आवाजाही की व्यवस्था करने और पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देने में कुछ लोगों ने मदद की थी. पुलिस ने ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि हत्या जैसी गंभीर वारदात में किसी भी तरह की मदद करने वालों को भी आरोपी माना जाएगा. पुलिस ने अब तक 32 मददगारों पर कार्रवाई की है, इसके साथ ही उन्हें भी जेल भेजा गया है.
अब खुलेंगे कई राज
मयंक साहू की हत्या के बाद उनके परिवार और समर्थकों में भारी आक्रोश था. परिजन लगातार सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. अब मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस को उम्मीद है कि मामले से जुड़े कई अहम राज खुल सकते हैं.