IPS Irshad Wali: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार (9 सितंबर) को दुबई दौरे से लौटकर सीधे सागर पहुंच जाते हैं. बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पीड़ितों और परिजनों से मुलाकात करते हैं. इसके बाद सीएम भोपाल जाते हैं और अधिकारियों के साथ बैठक करते हैं. इसके बाद देर रात खबर सामने आती है कि IPS इरशाद वली को सागर का नया आईजी बनाया गया है.
कौन है इरशाद वली?
इरशाद वली 2004 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं. वे मूलत: बिहार के रहने वाले हैं. शुरुआत में वली को नागालैंड कैडर मिला था. उनकी पत्नी सूफिया फारुखी की तैनाती मध्य प्रदेश में है. वे 2009 बैच की IAS अफसर हैं. शादी के बाद इरशाद वली ने अपना कैडर नागालैंड से मध्य प्रदेश करवा लिया.
अधिकारी की तेज तर्रार छवि
सागर से पहले वे राजधानी भोपाल में विशेष सशस्त्र बल के आईजी के तौर पर तैनात थे. भोपाल रेंज के डीआईजी भी रह चुके हैं. इरशाद वली को तेज तर्रार और साफ छवि का अधिकारी माना जाता है. उन्हें ग्राउंड पर लंबे वक्त तक काम करने का अनुभव है. बालाघाट जैसे संवेदनशील इलाके में डीआईजी की जिम्मेदार निभा चुके हैं. इसके साथ ही नर्मदापुरम जोन के DIG रह चुके हैं.
अधिकारी को शहरी क्षेत्र में पुलिसिंग का लंबा-चौड़ा अनुभव रहा है. साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान उनके बेहतर काम के लिए उन्हें सम्मानित किया जा चुका है. मध्य प्रदेश के तत्कालीन राज्यपाल लालजी टंडन ने सम्मानित किया था.
ये भी पढ़ें: सागर शराब कांड: चंद्रभान उर्फ चंदू राजा के घर पर चला बुलडोजर, 19 लोगों की हुई थी मौत
सागर में क्या हैं चुनौतियां?
सागर पुलिस रेंज का आईजी नियुक्त होने के साथ-साथ इरशाद वली के पास चुनौतियां भी हैं. जिले में अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ना, माफियाओं पर लगाम लगाना और इसके साथ ही गोरखधंधे में शामिल लोगों के साथ सख्ती से निपटना शामिल है. सीएम ने पुलिस को फ्री हैंड दिया है, ताकि दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जा सके.
