भाजपा नेता ने उड़ाई PM मोदी की अपील की धज्ज‍ियां! 100 गाड़‍ियों के काफिले के साथ जमाया भौकाल, पार्टी ने पद से हटाया

MP News: भाजपा नेता सज्जन सिंह यादव के भिंड पहुंचने पर करीब 100 से अधिक गाड़ि‍यों के काफ‍िले के साथ शहर में एंट्री की और शक्ति प्रदर्शन किया.
Sajjan Singh Yadav

सज्जन सिंह यादव

MP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल के कम इस्‍तेमाल को लेकर की गई अपील के बाद से ही देशभर में मंत्री-विधायक और नेताओं ने अपने-अपने काफिले में गाड़‍ियों की संख्‍या कम कर दी है. ऐसे में मध्‍य प्रदेश के भिंड में भाजपा नेता सज्जन सिंह यादव ने पीएम मोदी की अपील को दरकिनार करके 100 से अधिक लग्जरी वाहनों का काफिला निकाला और शहर में अपना भौकाल जमाया. हालांकि उनके इस रवैए के बाद पार्टी अध्‍यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने उनके खिलाफ सख्‍त कार्रवाई की है.

काफिले के साथ किया शक्ति प्रदर्शन

दरअसल, भाजपा नेता सज्जन सिंह यादव को हाल ही में किसान मोर्चा के जिला अध्‍यक्ष के पद पर नियुक्त‍ि मिली थी. वे पहली बार भिंड पहुंचे थे. उनके पहुंचने पर करीब 100 से अधिक गाड़ि‍यों का काफ‍िला उनके साथ शहर में एंट्री किया और जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया. इस दौरान शहर का ट्रैफिक भी बाधित हुआ और गाड़‍ियों के हॉर्न और नारेबाजी के कारण काफी शोर देखने को मिला. भाजपा नेता के इस काफिले का वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ल्‍ले से वायरल हो गया.

पार्टी ने पद से हटाया

वीडियो सामने आने के बाद पार्टी हाई कमान ने इस पर गंभीरता से कार्रवाई की और प्रदेश अध्‍यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश के बाद माेर्चा प्रदेश अध्‍यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने सज्जन सिंह यादव को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया. प्रधानमंत्री की अपील के बाद देशभर में यह पहली कार्रवाई है.

सज्जन सिंह यादव ने दी सफाई

पार्टी द्वारा की गई इस सख्‍त कार्रवाई के बाद सज्जन सिंह यादव से संगठन ने चर्चा की. चर्चा में उन्‍होंने सफाई देते हुए कहा कि उन्‍होंने किसी भी कार्यकर्ता को वाहन लेकर आने के लिए नहीं कहा था. लोग अपनी स्‍वंय की मर्जी से वाहन लेकर काफिले में शामिल हुए थे. उनका कहना है कि काफिले में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का पार्टी के प्रति प्रेम और उत्साह था.

प्रधानमंत्री मोदी ने की ईंधन बचाने की अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 6 दिनों में करीब दो बार देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील कर चुके हैं. ऐसे में पीएम मोदी की अपील के बाद से ही गृह मंत्री अमित शाह, कई अन्‍य विभागों के मं‍त्री, विधायक, सांसद और कई राज्यों के मुख्‍यमंत्रि‍यों ने अपने काफिले से वाहनों को कम कर दिया है.

ये भी पढे़ं- पेट्रोल-डीजल बचत की अपील का मऊगंज में असर, विधायक प्रदीप पटेल ने छोड़ी स्कॉर्पियो, अब बस से कर रहे जनसंपर्क

ज़रूर पढ़ें