पेट्रोल-डीजल बचत की अपील का मऊगंज में असर, विधायक प्रदीप पटेल ने छोड़ी स्कॉर्पियो, अब बस से कर रहे जनसंपर्क

Mauganj: स्कॉर्पियो से विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने वाले विधायक प्रदीप पटेल इन दिनों बस में सफर कर गांव-गांव पहुंच रहे हैं. विधायक का यह बदला हुआ अंदाज पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
Mauganj MLA Pradeep Patel

मऊंगज विधायक प्रदीप पटेल

Mauganj: देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत और ऊर्जा संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई अपील का असर अब मध्य प्रदेश के मऊगंज में भी साफ दिखाई देने लगा है. मऊगंज से भाजपा विधायक प्रदीप पटेल ने अपनी कार्यशैली में बड़ा बदलाव करते हुए निजी लग्जरी वाहन छोड़ सार्वजनिक परिवहन को अपनाया है.

स्कॉर्पियो छोड़ बस से गांव-गांव पहुंच रहे विधायक

अब तक स्कॉर्पियो से विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने वाले विधायक प्रदीप पटेल इन दिनों बस में सफर कर गांव-गांव पहुंच रहे हैं. विधायक का यह बदला हुआ अंदाज पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इसे प्रधानमंत्री मोदी की अपील का सीधा असर और जनप्रतिनिधियों के लिए एक नई मिसाल के रूप में देख रहे हैं.

आम यात्रियों के बीच बैठकर सुन रहे समस्याएं

बताया जा रहा है कि विधायक ने पेट्रोल-डीजल की अनावश्यक खपत कम करने और आम जनता के बीच सादगी का संदेश देने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की है. बस यात्रा के दौरान विधायक आम यात्रियों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं भी सुन रहे हैं. इससे लोगों में यह संदेश जा रहा है कि जनप्रतिनिधि केवल भाषण नहीं बल्कि खुद उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं.

जनता बोली- ऐसे नेताओं की जरूरत

विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधायक के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में जहां नेता बड़ी-बड़ी गाड़ियों और लंबे काफिलों में चलते हैं, वहीं विधायक प्रदीप पटेल का बस से सफर करना सादगी और जनता से जुड़ाव का प्रतीक है. कई जगह बस स्टैंड और रास्तों में विधायक को अचानक अपने बीच देखकर लोग हैरान भी नजर आए.

राजनीतिक गलियारों में भी तेज हुई चर्चा

विधायक के इस कदम की राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है. भाजपा समर्थक इसे मोदी मॉडल की झलक बता रहे हैं, जबकि आम लोग इसे ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक पहल मान रहे हैं.

ये भी पढे़ंः PM मोदी की अपील का असर, खंडवा में BJP विधायक भरी धूप में साइकिल से निकलीं; महापौर में ई-वाहन से पहुंची

मऊगंज में चर्चा का विषय बनी विधायक की बस यात्रा

मऊगंज की सड़कों पर अब विधायक की स्कॉर्पियो नहीं बल्कि सरकारी और निजी बसों में उनका सफर लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है. यह तस्वीर कहीं न कहीं यह संदेश भी दे रही है कि यदि जनप्रतिनिधि चाहें तो बदलाव की शुरुआत खुद से भी कर सकते हैं.

ज़रूर पढ़ें